काशी में चौड़ीकरण का ऑर्डर: दालमंडी में गरजेगा बुलडोजर, बरसात बाद कार्रवाई तय; दुकानदारों में बढ़ी चिंता
वाराणसी के दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण का काम अब बारिश के बाद शुरू होगा। सीएम योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद दुकानदारों में चिंता, प्रशासन ने तैयारियां तेज कीं। पढ़ें पूरी खबर।
वाराणसी के ऐतिहासिक दालमंडी बाजार में अब जल्द ही सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय काशी दौरे के दौरान अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि बारिश के बाद दालमंडी में अतिक्रमण हटाकर चौड़ीकरण की कार्रवाई तत्काल शुरू की जाए। सरकार के इस आदेश के बाद बाजार के दुकानदारों में चिंता और हलचल बढ़ गई है, क्योंकि इस अभियान की जद में सैकड़ों दुकानें, मकान और धार्मिक स्थल आ सकते हैं। प्रशासन की तैयारियों से साफ है कि इस बार दालमंडी में बुलडोजर गरजना तय है।
दालमंडी चौड़ीकरण: बारिश के बाद शुरू हो कार्य
वाराणसी के सबसे बड़े थोक बाजार दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण का मुद्दा लंबे समय से चर्चाओं में है। यहां सड़कें संकरी हैं और अतिक्रमण हटाने में प्रशासन को विरोध का सामना करना पड़ता है। सीएम योगी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बारिश खत्म होते ही दालमंडी में चौड़ीकरण का कार्य तत्काल शुरू किया जाए। इसमें कोई देरी न हो।
फेक अकाउंट वालों पर पैनी नजर
सीएम योगी ने सोशल मीडिया पर फेक आईडी बनाकर जातिगत और सांप्रदायिक माहौल खराब करने वालों पर सख्त निगरानी रखने और उन्हें चिन्हित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी जातिगत विद्वेष और अफवाह फैलाने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
15 हजार करोड़ की परियोजनाएं और सख्ती से समय सीमा तय
सीएम योगी ने विकास परियोजनाओं की प्रगति पर भी फोकस करते हुए कहा कि वाराणसी में लगभग 15,000 करोड़ रुपये की 24 बड़ी परियोजनाएं जारी हैं। सभी प्रोजेक्ट तय समयसीमा में पूरे हों, इस पर प्रशासन विशेष ध्यान दे।


आँखें न्यूज़ 24 




