देवोलीना भट्टाचार्जी का फूटा दर्द: बेटे जॉय को लेकर रंगभेद भरी ट्रोलिंग पर दर्ज कराई FIR, कहा– 'अब चुप नहीं रहूंगी'
टीवी एक्ट्रेस देवोलीना भट्टाचार्जी ने अपने बेटे जॉय को लेकर हो रही रंगभेदी ट्रोलिंग पर साइबर क्राइम में FIR दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि अब वह चुप नहीं रहेंगी और ट्रोलर्स को सजा दिलवाकर रहेंगी।
टीवी की 'गोपी बहू' यानी देवोलीना भट्टाचार्जी एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी एक्टिंग नहीं, बल्कि उनके बेटे को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग है। देवोलीना के बेटे जॉय को लेकर कुछ यूज़र्स ने रंगभेदी और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जिससे आहत होकर उन्होंने FIR दर्ज करवा दी है।
देवोलीना ने दिसंबर 2022 में अपने जिम ट्रेनर शानवाज शेख से शादी की थी। तब भी कई लोगों ने उनकी शादी को लेकर धर्म के आधार पर सवाल उठाए थे। लेकिन उन्होंने तब चुप रहना बेहतर समझा। अब, दिसंबर 2024 में बेटे जॉय के जन्म के बाद, सोशल मीडिया पर लगातार बच्चे के रंग-रूप पर विवादित टिप्पणियां की जा रही हैं।
देवोलीना बोलीं – 'ट्रोलिंग मेरी तकदीर रही, लेकिन अब हद पार हो गई है'
देवोलीना ने एक बयान में कहा, एक सेलेब्रिटी होने के नाते मैं ट्रोलिंग झेलती रही हूं, चाहे मेरे करियर को लेकर हो या मेरी शादी को लेकर। लेकिन जब बात मेरे मासूम बच्चे की हो, तो अब मैं चुप नहीं रहूंगी। लोग मेरे बेटे के रंग और रूप पर टिप्पणियां कर रहे हैं, यह न सिर्फ मानसिक प्रताड़ना है बल्कि सीधा रंगभेद का अपराध है।
उन्होंने कहा कि कुछ यूज़र्स नस्लवादी (racist) और रंगभेदी (colorist) कमेंट कर रहे हैं, जो भारतीय कानून के अनुसार साइबर अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने इन यूज़र्स के खिलाफ साइबर क्राइम में FIR दर्ज करवा दी है और स्क्रीनशॉट सबूत के तौर पर पेश किए हैं।
बेटे जॉय को लेकर देवोलीना का भावुक संदेश
मुझे पता है कि मेरा बेटा बड़ा होकर इन बातों का सामना बहादुरी से करेगा क्योंकि वह मेरा बेटा है। लेकिन एक मां के तौर पर मैं ये बर्दाश्त नहीं कर सकती कि कोई मेरे मासूम बच्चे पर भद्दे कमेंट करे। मैंने अब कानून का रास्ता चुना है।
साइबर टीम की कार्रवाई शुरू, ट्रोलर्स की तलाश जारी
देवोलीना ने बताया कि कुछ ट्रोल करने वाले अब सोशल मीडिया से गायब हो गए हैं, लेकिन साइबर क्राइम सेल सक्रिय रूप से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मैं चाहती हूं कि किसी और मां-बाप को अपने बच्चे के लिए ऐसा ना सहना पड़े। हम सबको मिलकर रंगभेद और ऑनलाइन नफरत के खिलाफ खड़ा होना होगा।


आँखें न्यूज़ 24 




