अखिलेश के ‘अंडर द टेबल’ बयान पर बागेश्वर बाबा का पलटवार — कहा, सहर्ष कथा करने आएंगे

बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अखिलेश यादव के ‘अंडर द टेबल’ आरोप का जवाब दिया। TV9 भारतवर्ष से कहा — कथा कोई चैलेंज नहीं, बुलाएंगे तो सहर्ष जाएंगे और दक्षिणा जनकल्याण में लगेगी।

अखिलेश के ‘अंडर द टेबल’ बयान पर बागेश्वर बाबा का पलटवार — कहा, सहर्ष कथा करने आएंगे
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान का जवाब देते हुए कहा है कि कथा कोई चैलेंज नहीं है, वह सहर्ष कथा करने जाएंगे। TV9 भारतवर्ष से बातचीत में उन्होंने साफ किया कि वह खुद दक्षिणा नहीं मांगते, लेकिन अगर कोई भक्त मन से देता है तो उसे मना नहीं किया जा सकता और वह राशि जनकल्याण में उपयोग होती है।

‘अखिलेश बुलाएं तो तारीख तय कर लें’
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, अगर अखिलेश यादव हमें बुलाएंगे, तो हम सहर्ष कथा करने जाएंगे। वे हमारे मैनेजमेंट से बात करके तारीख तय कर लें। हम जरूर वहां जाएंगे। बाबा ने यह भी कहा कि बागेश्वर धाम पर हर जाति और धर्म के लोग आते हैं, भंडारे में शामिल होते हैं और किसी को भी मना नहीं किया जाता।

अखिलेश यादव का आरोप और ‘अंडर द टेबल’ विवाद
करीब एक महीने पहले, उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक कथावाचक के साथ कथित जातीय दुर्व्यवहार का मामला सामने आया था। गैर-ब्राह्मण कथावाचक की कथा सुनने के बाद गांव के कुछ दबंगों ने उनके बाल मुंडवा दिए, मारपीट की और वीडियो वायरल कर दिया। इस घटना से यूपी की राजनीति में भूचाल आ गया।

इसी मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कथावाचकों की ऊंची फीस पर सवाल उठाए और बागेश्वर बाबा पर ‘अंडर द टेबल’ मोटी रकम लेने का आरोप लगाया था।

बाबा का जवाब — ‘हम सभी वर्ग के लोगों का स्वागत करते हैं’
धीरेंद्र शास्त्री ने स्पष्ट किया कि उनकी कथा में सभी जाति और धर्म के लोग आते हैं, और वे किसी को भी भेदभाव के आधार पर नहीं रोकते। उन्होंने कहा कि कथा सुनाने वाले सभी वर्गों के लोग होते हैं और इसमें कोई बुराई नहीं है।