डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान: भारतीय वस्तुओं पर अमेरिकी टैरिफ से रिश्तों में दरार, रूस-यूक्रेन विवाद को अब तक नहीं सुलझा पाए

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में कहा कि भारतीय वस्तुओं पर अमेरिकी टैरिफ लगाने से भारत के साथ रिश्तों में दरार आई है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि रूस-यूक्रेन विवाद, जिसे वह सबसे आसान मानते थे, अब तक सुलझ नहीं सका है। ट्रंप ने कहा कि उनकी योजना बैंकों और तेल पर सख्त कार्रवाई करने की है।

डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान: भारतीय वस्तुओं पर अमेरिकी टैरिफ से रिश्तों में दरार, रूस-यूक्रेन विवाद को अब तक नहीं सुलझा पाए
US President Donald Trump

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में भारत और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और रूस-यूक्रेन विवाद पर बड़ी बातें कही हैं। ट्रंप ने माना कि भारतीय वस्तुओं पर अमेरिकी टैरिफ लगाने से भारत के साथ रिश्तों में खटास आई है।

'भारत रूस का सबसे बड़ा ग्राहक था' 
ट्रंप ने कहा कि भारत लंबे समय से रूस का सबसे बड़ा ग्राहक रहा है। इसी कारण उन्होंने भारत पर रूस से तेल खरीदने पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया। उनके मुताबिक, यह फैसला एक “बड़ी बात” थी और इसी वजह से दोनों देशों के बीच दरार पैदा हुई। उन्होंने साफ कहा कि यह समस्या अमेरिका से ज्यादा यूरोप के लिए गंभीर है।

रूस-यूक्रेन युद्ध पर ट्रंप की बेबसी
ट्रंप ने माना कि रूस-यूक्रेन संघर्ष उनकी उम्मीद के मुताबिक सुलझ नहीं सका। उन्होंने कहा— मुझे लगा था कि यह विवाद सबसे आसान होगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कभी पुतिन आगे बढ़ना चाहते थे तो जेलेंस्की तैयार नहीं थे, और जब जेलेंस्की तैयार हुए तो पुतिन पीछे हट गए। उन्होंने इसे एकमात्र युद्ध बताया जिसे वे हल नहीं कर पाए।

'यूक्रेन संकट पर होगी सख्त कार्रवाई'
ट्रंप ने आगे कहा कि उनकी योजना है कि रूस-यूक्रेन विवाद को लेकर और सख्त कदम उठाए जाएं। इसमें बैंकों पर प्रतिबंध, तेल और टैरिफ पर कठोर फैसले शामिल होंगे। उन्होंने याद दिलाया कि अपनी पिछली नीतियों में वे पहले भी ऐसा कर चुके हैं।

ट्रंप ने गिनाए अपने 'शांति समझौते'
इंटरव्यू में ट्रंप ने यह भी दावा किया कि उन्होंने अपने कार्यकाल में कई युद्ध सुलझाए। उनके मुताबिक— भारत-पाकिस्तान विवाद, कांगो और रवांडा संघर्ष और कई अन्य अनसुलझे युद्ध, इन सबमें उन्होंने हस्तक्षेप कर समाधान निकाला। ट्रंप ने कहा कि लाखों लोगों की जानें बचीं और अमेरिका की स्थिति पहले से मजबूत हुई।