कोलकाता गैंगरेप केस: सुप्रीम कोर्ट में CBI जांच की मांग, ममता सरकार पर बीजेपी का निशाना

कोलकाता में एलएलबी छात्रा के साथ हुए सामूहिक बलात्कार के मामले में सुप्रीम कोर्ट में सीबीआई जांच की मांग की गई है। याचिका में पीड़िता को सुरक्षा और मुआवजा देने की अपील के साथ-साथ बंगाल में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए हैं।

कोलकाता गैंगरेप केस: सुप्रीम कोर्ट में CBI जांच की मांग, ममता सरकार पर बीजेपी का निशाना
Supreme Court

पश्चिम बंगाल के साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज की फर्स्ट ईयर की छात्रा के साथ 25 जून को हुए सामूहिक बलात्कार के मामले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिका में इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की गई है।

वकील सत्यम सिंह ने सोमवार, 30 जून, 2025 को यह याचिका दाखिल की। इसमें कोर्ट की निगरानी में तय समय सीमा में निष्पक्ष जांच की अपील की गई है। साथ ही, पीड़िता को मुआवजा और सुरक्षा प्रदान करने की भी बात कही गई है।

याचिका में तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी और विधायक मदन मित्रा द्वारा दिए गए विवादित और अपमानजनक बयानों का भी उल्लेख किया गया है।

राजनीतिक और सामाजिक विरोध
इस घटना ने पूरे राज्य में राजनीतिक बवाल खड़ा कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP), कांग्रेस और अन्य दलों ने बंगाल में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर तीखी आलोचना की है।

बीजेपी का विरोध:
बीजेपी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को एक रैली का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा, जब तक ममता बनर्जी सत्ता में हैं, बंगाल में महिलाओं के खिलाफ ऐसी घटनाएं होती रहेंगी।

कांग्रेस का प्रदर्शन:
कांग्रेस पार्टी ने खिदरपुर इलाके में विरोध रैली निकाली, जबकि माकपा और अन्य सामाजिक संगठनों ने भी पूरे शहर में प्रदर्शन किया।

पीड़िता को न्याय की लड़ाई
इस मामले को लेकर देशभर में आक्रोश है। हर कोई चाहता है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जाए।