'गौ माता राष्ट्र माता' पदयात्रा में शामिल हुए गाजीपुर के मनोज बाबा

ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की ‘गौ माता राष्ट्र माता’ पदयात्रा 7 मार्च 2026 को वाराणसी के विद्या मठ से शुरू हुई। इस पदयात्रा में गाजीपुर के समाजसेवी मनोज बाबा भी शामिल हुए और गौ संरक्षण को लेकर अपना समर्थन जताया।

'गौ माता राष्ट्र माता' पदयात्रा में शामिल हुए गाजीपुर के मनोज बाबा

ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के नेतृत्व में निकली ‘गौ माता राष्ट्र माता’ पदयात्रा 7 मार्च 2026 को वाराणसी से शुरू हो चुकी है। यह पदयात्रा बनारस स्थित विद्या मठ से प्रारंभ हुई है और 11 मार्च को कांशीराम स्मृति स्थल पर एक बड़े कार्यक्रम के साथ इसका समापन होगा। पदयात्रा में हजारों की संख्या में साधु-संतों के साथ सामाजिक कार्यकर्ता भी भाग ले रहे हैं।

इसी कड़ी में गाजीपुर जनपद के समाजसेवी मनोज बाबा भी इस पदयात्रा में शामिल हुए हैं। उन्होंने पदयात्रा में भाग लेते हुए गौ संरक्षण और गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मनोज बाबा ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, आस्था और जीवन पद्धति का अभिन्न हिस्सा रही हैं। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक भावना का विषय नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से भी जुड़ा हुआ है। ऐसे में समाज के हर वर्ग को इस विषय पर जागरूक होने की आवश्यकता है।

उन्होंने आगे कहा कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के नेतृत्व में निकली यह पदयात्रा पूरे देश में गौ माता के प्रति सम्मान और संरक्षण की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रही है। बड़ी संख्या में साधु-संतों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी यह साबित करती है कि समाज में इस विषय को लेकर व्यापक जागरूकता और समर्थन मौजूद है।

मनोज बाबा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने की इस मुहिम को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को आगे आना चाहिए और इस अभियान से जुड़कर इसे जन आंदोलन का रूप देना चाहिए।