जेल से सरकार नहीं चलेगी – पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, 30 दिन में जमानत नहीं तो कुर्सी जाएगी
पीएम मोदी ने बिहार जनसभा में कहा कि एक नया कानून बनने जा रहा है, जिसके तहत जेल में रहते हुए कोई भी सीएम या पीएम सरकार नहीं चला सकेगा। 30 दिन तक जमानत न मिलने पर 31वें दिन पद छोड़ना होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की जनसभा में भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ सख्त कानून की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नया कानून ऐसा होगा जिसमें मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक सब दायरे में आएंगे। अगर 30 दिन के भीतर जमानत नहीं मिली तो 31वें दिन कुर्सी छोड़नी होगी। यह बयान सीधे तौर पर बिहार की राजनीति में बड़ा संदेश माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने आज बिहार को 13 हजार करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का तोहफा दिया। इस दौरान उन्होंने गयाजी से दो नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य है कि हर गरीब परिवार को पक्का घर मिले और देश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।
मगही भाषा से की शुरुआत, जनता को छुआ दिल
गयाजी (Gaya Ji) की जनसभा में पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत मगही भाषा में की। उन्होंने कहा – हम अपने सब के अभिनंदन कर ही, मोक्ष आउ ज्ञान के धरती गया जी से हम सबके अभिनंदन कर ही।
पीएम मोदी के इस अंदाज़ ने वहां मौजूद जनता का दिल जीत लिया। उन्होंने कहा कि वे खुद को जनता का सेवक मानते हैं और उनके लिए काम करने में गर्व महसूस करते हैं।
RJD और लालटेन राज पर हमला
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लालटेन राज ने बिहार को लाल आतंक (Red Terror) में झोंक दिया था। मोदी ने तंज कसते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ने आज जिस बिहार को विकास की राह पर लाया है, वहां कभी अंधेरे और भय का वातावरण हुआ करता था।
पीएम आवास योजना पर भरोसा
पीएम मोदी ने कहा कि उनका संकल्प है कि जब तक हर गरीब परिवार को पक्का घर नहीं मिल जाता, वे चैन से नहीं बैठेंगे। उन्होंने बताया कि बीते 11 सालों में देशभर में 4 करोड़ से ज्यादा घर बनाए गए हैं, जिनमें सिर्फ बिहार में 38 लाख घर शामिल हैं।
उन्होंने गयाजी में 2 लाख लोगों को घर मिलने का जिक्र करते हुए कहा, हमने सिर्फ चारदीवारी नहीं दी, बल्कि गरीब को उसका स्वाभिमान दिया है। पीएम मोदी ने यह भी वादा किया कि जो लोग अभी तक पीएम आवास योजना से वंचित हैं, उन्हें भी इसका लाभ मिलेगा और योजना तब तक जारी रहेगी जब तक हर गरीब को घर न मिल जाए।
गयाजी की पहचान और सांस्कृतिक धरोहर
प्रधानमंत्री ने गयाजी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर की तारीफ की। उन्होंने कहा, यह धरती भगवान बुद्ध को ज्ञान देने वाली पावन भूमि है। यहां के लोगों की इच्छा थी कि इसे गया नहीं, बल्कि गयाजी कहा जाए। मैं इस निर्णय के लिए बिहार सरकार का अभिनंदन करता हूं।
बिहार की धरती से लिया संकल्प और आतंकवाद पर संदेश
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार की धरती से लिया गया संकल्प कभी व्यर्थ नहीं जाता। उन्होंने कहा, आज पूरी दुनिया देख रही है कि आतंकवाद को मिटाने का संकल्प इसी धरती से लिया गया था और वह पूरा हुआ।
उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) का उल्लेख करते हुए कहा कि इसने भारत की रक्षा नीति को नई दिशा दी है। अब कोई भी आतंकी चाहे पाताल में क्यों न छिप जाए, भारत की मिसाइलें उसे खत्म करके ही रहेंगी।


आँखें न्यूज़ 24 




