UPPL 2025: रिंकू सिंह का ताबड़तोड़ शतक, एशिया कप में Playing XI की राह आसान या मुश्किल?
UPPL 2025 में रिंकू सिंह ने 48 गेंदों पर 108 रन ठोककर गोरखपुर लायंस को हिला दिया। लेकिन सवाल है – क्या एशिया कप 2025 में उन्हें Playing XI में जगह मिलेगी, या फिर वो सिर्फ पानी पिलाते नजर आएंगे? पढ़िए पूरी रिपोर्ट।
उत्तर प्रदेश प्रीमियर लीग (UPPL 2025) के 9वें मुकाबले में "यूपी क्रिकेट के किंग" कहलाने वाले रिंकू सिंह ने अपने बल्ले से गोरखपुर लायंस के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। बाएं हाथ के इस धाकड़ बल्लेबाज ने सिर्फ 48 गेंदों में 108 रन ठोककर सबको हैरान कर दिया। इस शानदार पारी में उन्होंने 8 छक्के और 7 चौके लगाए।
एशिया कप से पहले रिंकू का जलवा
ये शतकीय पारी सिर्फ लीग तक सीमित नहीं रही बल्कि इसका असर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक दिख सकता है। दरअसल, रिंकू सिंह को एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया की 15 सदस्यीय स्क्वॉड में शामिल किया गया है। ऐसे में उनकी ये इनिंग उनके चयन को और मजबूत बनाती है। सवाल ये है कि क्या उन्हें Playing XI में मौका मिलेगा या फिर वो दुबई में सिर्फ पानी पिलाते नज़र आएंगे?
Playing XI में क्यों मुश्किल है जगह?
रिंकू सिंह को उनकी फिनिशिंग क्षमता के लिए जाना जाता है। लेकिन टीम इंडिया में जिस नंबर पर वो खेलते हैं, वहां पहले से हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल और शिवम दुबे जैसे ऑलराउंडर मौजूद हैं। ये खिलाड़ी न सिर्फ फिनिशर की भूमिका निभाते हैं बल्कि गेंदबाजी भी करते हैं। साथ ही जितेश शर्मा भी इस स्लॉट पर मौजूद हैं जो विकेटकीपर-फिनिशर की डबल भूमिका निभाते हैं।
ऐसे में नंबर 5 से लेकर नंबर 8 तक ऑलराउंडर्स का दबदबा है, और रिंकू सिंह को Playing XI में मौका मिलना मुश्किल नज़र आ रहा है।
गेंदबाजी कर रिंकू ने बढ़ाई उम्मीद
हालांकि, रिंकू सिंह भी अब खुद को ऑलराउंडर बनाने की कोशिश कर रहे हैं। यूपी प्रीमियर लीग में उन्होंने दो मैचों में गेंदबाजी की और एक विकेट भी हासिल किया। यह दिखाता है कि रिंकू अब अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी पर भी फोकस कर रहे हैं।
लेकिन उनका मुकाबला उन खिलाड़ियों से है जो लंबे समय से लगातार परफॉर्म कर रहे हैं। इसलिए, एशिया कप 2025 में Playing XI में उनकी जगह बन पाना आसान नहीं होगा।


आँखें न्यूज़ 24 




