PM मोदी की जापान यात्रा: टोक्यो में राजस्थानी लोकगीत के साथ भव्य स्वागत, जापानी महिला ने हिंदी में गाया भजन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी टोक्यो पहुंचे, जहां राजस्थानी लोकगीत और भारतीय परंपरा के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। जापान यात्रा में पीएम मोदी शिगेरू इशिबा से वार्षिक शिखर वार्ता करेंगे और इसके बाद चीन के तियानजिन में SCO शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को जापान की दो दिवसीय यात्रा के लिए टोक्यो पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका शानदार स्वागत किया गया, जिसमें भारतीय समुदाय के लोग भी शामिल थे। स्वागत समारोह में भारतीय परंपरा की झलक देखने को मिली। खासतौर पर राजस्थानी पोशाक में सज्जित जापानी महिलाओं ने लोकगीत गाकर प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन किया।
स्वागत समारोह में शामिल जापानी महिला ने कहा, "मैं राजस्थानी मधु के नाम से जानी जाती हूं। मैंने पीएम मोदी का स्वागत हिंदी में किया और उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मैं गा सकती हूं। मैंने हां में जवाब दिया और उनके सम्मान में भजन गाया।" इस अनोखे अंदाज ने समारोह में उपस्थित सभी लोगों का दिल जीत लिया।
भारत-जापान साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से यात्रा
विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि प्रधानमंत्री मोदी टोक्यो पहुंच चुके हैं। इस यात्रा का उद्देश्य भारत-जापान साझेदारी को आगे बढ़ाना है। मोदी और जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा के बीच शाम को वार्षिक शिखर वार्ता होगी। पीएम मोदी ने प्रस्थान से पहले कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के सभ्यतागत और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी।
जापान के बाद चीन के SCO शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे
प्रधानमंत्री मोदी की यह चीन यात्रा 2020 में गलवान घाटी झड़प के बाद पहली होगी। जापान दौरे के बाद वे 31 अगस्त से 1 सितंबर तक चीन के तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। यह यात्रा दोनों देशों के बीच रणनीतिक और वैश्विक सहयोग को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण मौका मानी जा रही है।


आँखें न्यूज़ 24 




