प्रेमानंद महाराज पर रामभद्राचार्य की टिप्पणी पर बवाल, बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा ने दी प्रतिक्रिया
जगद्गुरु रामभद्राचार्य द्वारा प्रेमानंद महाराज पर की गई टिप्पणी से संत समाज में विवाद गहरा गया है। बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा ने अपील की है कि संतों की निंदा न की जाए और दोनों का सम्मान किया जाए।
देश के संत समाज में इन दिनों खुला विवाद (Saints Dispute) देखने को मिल रहा है। जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज की एक टिप्पणी ने संतों के बीच मतभेद पैदा कर दिए हैं। इस टिप्पणी पर कई संतों ने नाराजगी जताई है। अब इस विवाद में बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा भी सामने आए हैं और उन्होंने दोनों संतों के सम्मान की अपील की है।
अभिनव अरोड़ा ने क्या कहा?
अभिनव अरोड़ा ने News18 से बातचीत में कहा— मैं किसी भी संत पर टिप्पणी करने के लिए बहुत छोटा हूं। चाहे वह रामभद्राचार्य जी हों या प्रेमानंद महाराज, दोनों ही महान संत हैं। मेरे लिए संत विवाद का विषय नहीं, बल्कि श्रद्धा का स्वरूप हैं। संतों की निंदा करना पाप है।
उन्होंने आगे कहा कि रामभद्राचार्य जी में उन्हें प्रभु श्रीराम के दर्शन होते हैं, जबकि प्रेमानंद महाराज में किशोरी जी का स्वरूप दिखाई देता है।
'डांट में भी प्रेम का भाव'
अभिनव अरोड़ा ने बताया कि जब रामभद्राचार्य जी ने उन्हें डांटा था, तब भी उन्हें यह डांट प्रेम और करुणा से भरी लगी। उन्होंने कहा, संतों से व्यक्तिगत द्वेष नहीं होता, वे मतवाले होते हैं। उनकी डांट भी आशीर्वाद जैसी होती है।
रामभद्राचार्य की विवादित टिप्पणी
यह विवाद तब शुरू हुआ जब एक यूट्यूबर का वीडियो वायरल हुआ। इसमें इंटरव्यू के दौरान जगद्गुरु रामभद्राचार्य से प्रेमानंद महाराज के “चमत्कार” को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा— प्रेमानंद न तो विद्वान हैं और न ही चमत्कारी। वह एक बालक समान संत हैं। अगर उनमें क्षमता है, तो संस्कृत का एक अक्षर बोलकर या श्लोक का अर्थ समझाकर दिखाएं।
सोशल मीडिया पर बवाल
रामभद्राचार्य की यह टिप्पणी सामने आते ही सोशल मीडिया पर भारी विवाद छिड़ गया। कुछ यूजर्स ने उन्हें अहंकारी बताया। वहीं, कई लोगों ने प्रेमानंद महाराज की महानता और उनकी लोकप्रियता का बखान किया। अब यह विवाद धीरे-धीरे पूरे संत समाज में बहस का विषय बन गया है।
अभिनव अरोड़ा की अपील
अभिनव अरोड़ा ने हाथ जोड़कर कहा, संतों पर कटाक्ष करना गलत है। प्रेमानंद महाराज साक्षात किशोरी जी का स्वरूप हैं। कोई भी हो, उनकी निंदा न करे, अन्यथा पीछे ही रह जाएगा।


आँखें न्यूज़ 24 




