सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का मिशन सफल, आतंकवाद को मिला कड़ा संदेश; सलमान खुर्शीद बोले
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की यात्रा को सफल बताया। मलेशिया और अन्य देशों में हुए संवाद से भारत की आतंकवाद विरोधी नीति को मजबूती मिली। पाकिस्तान के दावों को खारिज कर दुनिया को भारत का संदेश स्पष्ट किया गया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की विदेश यात्रा को बेहद सफल बताया। भारत सरकार द्वारा संचालित ऑपरेशन सिंदूर के तहत भेजे गए इस डेलिगेशन में खुर्शीद भी शामिल थे। उन्होंने इंडिया टीवी को दिए इंटरव्यू में बताया कि इस यात्रा से न केवल भारत की आतंकवाद विरोधी नीति को मजबूती मिली बल्कि वैश्विक स्तर पर भारत का सकारात्मक संदेश गया।
पाकिस्तान के दावों पर कड़ा प्रहार
मलेशिया में पाकिस्तान हाई कमिशन की ओर से जारी किए गए प्रेस नोट पर खुर्शीद ने कहा, “उस नोट में न तो कोई तथ्य था, न ही कोई तर्क। इसे हमने पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया। पाकिस्तान का डेलिगेशन हमारे समकक्ष नहीं आ पाया। जहां-जहां हमारा प्रतिनिधिमंडल गया, वहां पाकिस्तान की उपस्थिति नहीं थी।”
आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक समर्थन
खुर्शीद ने कहा कि भारत की सामूहिक राय है कि आतंकवाद को विश्वभर से समाप्त होना चाहिए। "यह संदेश हर जगह पहुंचा और इसे हर जगह सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। यह भारत की एकता और सुरक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है," उन्होंने कहा।
डायलॉग से बढ़ा प्रभाव
उन्होंने जोर देकर कहा कि इस पहल की सबसे बड़ी उपलब्धि यह थी कि विभिन्न देशों के साथ आमने-सामने संवाद संभव हुआ। "कई देशों के अपने कारण होते हैं, जो उन्हें आतंकवाद के खिलाफ खुलकर बोलने में संकोच कराते हैं। लेकिन बातचीत से उनका समर्थन हासिल करना संभव हुआ।
भारत की एकता की मिसाल
खुर्शीद ने इस बात पर जोर दिया कि भारत में जब सुरक्षा और अस्मिता का सवाल उठता है, तो सभी राजनीतिक मतभेद भुलाकर एकजुटता दिखाई जाती है। उन्होंने कहा, यह सरकार की पहल थी, लेकिन इसे विपक्ष का भी पूरा सहयोग मिला। यह भारत की विशेषता है।
सलमान खुर्शीद ने कहा कि यह मान लेना जल्दबाजी होगी कि हमने पूरी जीत हासिल कर ली है। अभी भी हमें कई प्रयास करने की जरूरत है। लेकिन इस यात्रा से यह साफ है कि वैश्विक मंच पर भारत की स्थिति मजबूत हुई है।


आँखें न्यूज़ 24 




