रेस्टोरेंट की बड़ी लापरवाही! कढ़ाई पनीर में निकला लेग पीस, मंदिर सेवादार बोले– धर्म भ्रष्ट कर दिया
उन्नाव में मंदिर सेवादार को ऑनलाइन वेज ऑर्डर में नॉनवेज मिलने से हंगामा मच गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही प्रशासन ने रेस्टोरेंट को सील कर दिया और जांच शुरू कर दी।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में एक रेस्टोरेंट की लापरवाही ने धार्मिक आस्थाओं को ठेस पहुंचा दी। आरोप है कि एक मंदिर के सेवादार ने ऑनलाइन वेज खाना ऑर्डर किया, लेकिन खाने में नॉनवेज परोसा गया। यह मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया और प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी पड़ी।
ऑर्डर में मिली बड़ी गड़बड़ी
जानकारी के अनुसार, उन्नाव कोतवाली क्षेत्र के मगरवारा निवासी धीरज सिंह ने शनिवार रात छोटे चौराहे स्थित एक रेस्टोरेंट से कढ़ाई पनीर, पनीर फ्राई राइस और पांच रुमाली रोटियां ऑनलाइन मंगवाई थीं। लेकिन खाने के दौरान उन्हें पनीर में कुछ अजीब स्वाद महसूस हुआ। जांच करने पर डिश में नॉनवेज का लेग पीस मिला, जिससे पूरे परिवार में गुस्सा फैल गया।
धार्मिक आस्था को ठेस
धीरज सिंह, जो कि एक मंदिर के सेवादार हैं, ने आरोप लगाया— सावन के आखिरी दिन और रक्षाबंधन के मौके पर हमारे पूरे वेज परिवार को नॉनवेज परोसकर धर्म भ्रष्ट किया गया। शिकायत करने पर रेस्टोरेंट वाले ने उल्टा हमें ही धमकी दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए रेस्टोरेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासन हरकत में आया। ADM वित्त के निर्देश पर मुख्य खाद्य अधिकारी शैलेश दीक्षित ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया।
जांच में निकली सच्चाई
जांच में सामने आया कि ऑनलाइन ऑर्डर की अदला-बदली हो गई थी, साथ ही रेस्टोरेंट में वेज और नॉनवेज एक ही किचन में पकाया जा रहा था। खाद्य विभाग ने मैदा और ग्रेवी के नमूने लिए और आदेश दिया कि जब तक वेज और नॉनवेज के लिए अलग-अलग किचन नहीं बनते, रेस्टोरेंट में खाना बनाने पर रोक रहेगी।
रेस्टोरेंट फिलहाल सील
फिलहाल रेस्टोरेंट को बंद कर दिया गया है। सीओ सदर दीपक यादव ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।


आँखें न्यूज़ 24 




