अपनी ही बेइज्जती करवा बैठे आसिम मुनीर! भारत मर्सिडीज, पाकिस्तान डंप ट्रक—सोशल मीडिया में मीम्स की बौछार

अमेरिका दौरे पर पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने भारत को परमाणु हमले की धमकी दी, लेकिन 'मर्सिडीज बनाम डंप ट्रक' वाली तुलना ने उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल बना दिया। जानिए पूरा मामला।

अपनी ही बेइज्जती करवा बैठे आसिम मुनीर! भारत मर्सिडीज, पाकिस्तान डंप ट्रक—सोशल मीडिया में मीम्स की बौछार
Asim Munir

पाकिस्तान के सेना प्रमुख और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने हाल ही में अमेरिका का दौरा किया, जहां उन्होंने भारत के खिलाफ बेहद आक्रामक बयान दे डाला। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर पाकिस्तान के अस्तित्व पर खतरा मंडराया, तो उनका देश "आधी दुनिया को बर्बाद" कर देगा। यह परमाणु हमले की सीधी धमकी मानी जा रही है, जिसने अंतरराष्ट्रीय हलकों में खलबली मचा दी है।

'मर्सिडीज बनाम डंप ट्रक' की अजीब तुलना
फ्लोरिडा में एक पाकिस्तानी कम्युनिटी इवेंट के दौरान मुनीर ने पाकिस्तान की खनिज और तेल संपदा का बखान करते हुए भारत से तुलना की। लेकिन इस तुलना में उन्होंने खुद ही पाकिस्तान की कमजोरी उजागर कर दी। मुनीर ने कहा— भारत हाईवे पर मर्सिडीज चला रहा है, जबकि हम बजरी से भरा डंप ट्रक हैं। अगर ट्रक कार से टकराए, तो नुकसान किसका होगा?

इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बवाल मच गया। लोग तंज कसने लगे कि पाकिस्तान का डंप ट्रक मर्सिडीज से टकराने से पहले ही पलट जाएगा या खराब हो जाएगा। एक्स पर एक यूजर ने लिखा— इतनी बेज्जती तो कोई खुद ही नहीं करवाता, लेकिन फील्ड मार्शल साहब करवा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर बेज्जती का बवंडर
मुनीर ने खुद स्वीकार किया कि इस अजीब उपमा की वजह से सोशल मीडिया पर खूब हंसी हुई। उनके बयान पर मीम्स और जोक्स की बाढ़ आ गई। कई लोगों ने लिखा कि अगर पाकिस्तान डंप ट्रक है, तो उसका ड्राइवर भी खराब है।

वाजपेयी का जिक्र और भविष्य की बातें
मुनीर ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के एक कथन का भी हवाला दिया, जिसमें कहा गया था कि अमेरिका में बसे पाकिस्तानी प्रवासी "प्रतिभा पलायन नहीं, बल्कि प्रतिभा प्राप्ति" हैं। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका, सऊदी अरब, यूएई और चीन के साथ उनकी साझेदारी मजबूत हो रही है और 64% युवा आबादी के कारण पाकिस्तान का भविष्य उज्ज्वल है।

ट्रंप-मुनीर लंच पर बवाल
रिपोर्ट के मुताबिक, मुनीर अमेरिका की मध्य कमान (CENTCOM) के निवर्तमान कमांडर जनरल माइकल कुरिल्ला के रिटायरमेंट समारोह में शामिल होने आए थे। लेकिन उनके परमाणु धमकी वाले बयान ने और ज्यादा विवाद खड़ा कर दिया। खासकर तब, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें व्हाइट हाउस में लंच के लिए बुलाया। चौंकाने वाली बात यह थी कि यह निमंत्रण पाकिस्तान के प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति को नहीं, बल्कि सीधे सेना प्रमुख को दिया गया। भारत के कई नेताओं ने इस पर नाराजगी जताई, खासकर तब जब हाल ही में भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव बढ़ा था।