निक्की मर्डर केस में गवाह कंचन की एंट्री, कैमरे पर बोलीं – योगी सरकार दिलाएगी इंसाफ
ग्रेटर नोएडा के चर्चित निक्की मर्डर केस में नया मोड़ आया है। मुख्य गवाह और निक्की की बड़ी बहन कंचन पहली बार कैमरे के सामने आईं और कहा कि उन्हें पुलिस और योगी सरकार पर पूरा भरोसा है। परिवार ने आरोपियों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। वहीं, CCTV फुटेज और दहेज विवाद ने केस को और उलझा दिया है। पढ़ें इस सनसनीखेज मामले की पूरी डिटेल्स।
ग्रेटर नोएडा के चर्चित निक्की मर्डर केस (Nikki Murder Case Greater Noida) में बड़ा मोड़ तब आया जब मुख्य गवाह और निक्की की बड़ी बहन कंचन पहली बार मीडिया के कैमरे पर सामने आईं। अब तक परिवार का कहना था कि कंचन की तबीयत खराब है, लेकिन लंबी कोशिशों के बाद उनसे बातचीत हो सकी।
कंचन ने साफ कहा कि उन्हें पुलिस और योगी सरकार पर पूरा भरोसा है। उन्होंने आरोपों को नकारते हुए कहा – जो लोग कह रहे हैं कि मैं गायब हो गई हूं, वे गलत बोल रहे हैं। हमें पुलिस की जांच पर भरोसा है। प्रशासन जांच कर रहा है और सच सामने आएगा।
आग और सिलेंडर विस्फोट पर बयान
जब कंचन से पूछा गया कि सीसीटीवी में विपिन घर के बाहर दिख रहा है और लोग कह रहे हैं कि आग किसी ने लगाई थी, तो उन्होंने कहा – पुलिस ने जांच कर ली है, अब वही बताएगी कि मौत सिलेंडर फटने से हुई या किसी और वजह से। घर में उस समय विपिन, पिता सतवीर, मां दया और भाई रोहित सभी मौजूद थे। सभी को सख्त सजा मिलनी चाहिए।
कंचन ने आगे ज्यादा बोलने से इनकार कर दिया और बस इतना दोहराया कि उन्हें योगी सरकार पर पूरा भरोसा है।
पिता भिखारी सिंह और परिवार का आरोप
निक्की के पिता भिखारी सिंह ने कहा कि महिला आयोग और विधायक दोनों परिवार से मिलने आए थे। उन्होंने कहा कि परिवार पुलिस की कार्रवाई से फिलहाल संतुष्ट है, लेकिन उन्होंने आरोपियों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की।
भिखारी सिंह ने बताया कि सीसीटीवी और डॉक्टर के बयान पर पुलिस जांच कर रही है। वहीं, विपिन के ताऊ के बेटे देवेंद्र ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि निक्की 70% जल चुकी थी, बोलने की स्थिति में नहीं थी। मैंने डॉक्टर को बताया था कि आग सिलेंडर से लगी। लेकिन सच्चाई यह है कि अगर सिलेंडर फटता, तो पूरा घर तहस-नहस हो जाता।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के वक्त अस्पताल में निक्की के साथ सिर्फ देवेंद्र था।
दहेज विवाद और पैसों का जिक्र
भिखारी सिंह से यह भी पूछा गया कि उनके बेटे रोहित पर मीनाक्षी ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया था और सतवीर ने पंचायत में इस मामले को निपटाने के लिए 35 लाख रुपये देने का वादा किया था। इस सवाल पर भिखारी सिंह ने सीधा जवाब नहीं दिया और गोलमोल बातें करने लगे। उन्होंने सिर्फ इतना कहा – हमें इंसाफ चाहिए, आप समाज से पूछ लीजिए।
CCTV फुटेज ने बढ़ाए सवाल
घटना के समय और उसके करीब 15 मिनट बाद तक विपिन घर के बाहर सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है। लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस फ्लोर पर घटना हुई, वहां लगे कैमरे बंद पाए गए। पड़ोसियों का दावा है कि विपिन निर्दोष है और शक की सुई कंचन की ओर घूम रही है। ऐसे में पूरा मामला उलझता जा रहा है।
पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई
फिलहाल, पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। कंचन और परिवार के बयानों से केस और पेचीदा हो गया है। जांच के बाद ही साफ होगा कि निक्की की मौत सिलेंडर विस्फोट से हुई या सुनियोजित साजिश से।


आँखें न्यूज़ 24 




