वाशिंगटन डीसी में फायरिंग: व्हाइट हाउस के करीब नेशनल गार्ड पर हमला, 3 गंभीर घायल; राष्ट्रपति ट्रंप बोले—‘भारी कीमत चुकानी पड़ेगी’
वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास फ़ारागट स्क्वायर में एक अफगान नागरिक द्वारा नेशनल गार्ड पर फायरिंग की बड़ी घटना सामने आई है। हमले में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 500 अतिरिक्त नेशनल गार्ड तैनात करने का आदेश दिया और कहा कि हमलावर को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। पूरी खबर पढ़ें।
वाशिंगटन डीसी के व्यस्त फ़ारागट स्क्वायर इलाके में बुधवार शाम तब अफरा–तफरी मच गई जब एक हमलावर ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। यह स्थान व्हाइट हाउस से कुछ ही दूरी पर है, इसलिए घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत अलर्ट कर दिया। हमले में दो नेशनल गार्ड सदस्यों सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घात लगाकर बैठे हमलावर ने गश्ती टीम को बनाया निशाना
अचानक हुई इस फायरिंग के बाद मौके पर भगदड़ की स्थिति बन गई। चश्मदीदों के अनुसार हमलावर पहले से घात लगाकर बैठा था और जैसे ही गश्त कर रहे नेशनल गार्ड जवान उसके करीब आए, उसने उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों ने उसे तुरंत काबू में कर लिया और हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
राष्ट्रपति ट्रंप का सख्त संदेश—‘भारी कीमत चुकानी पड़ेगी’
घटना के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वाशिंगटन डीसी की सुरक्षा बढ़ाने के लिए 500 अतिरिक्त नेशनल गार्ड तैनात करने का आदेश दिया। ट्रंप ने कहा कि हमलावर भी घायल है, लेकिन उसने जो किया है, उसके लिए उसे ‘‘भारी कीमत’’ चुकानी पड़ेगी। उन्होंने नेशनल गार्ड और सभी सुरक्षा बलों के जवानों को मजबूत संदेश देते हुए कहा कि ‘‘मैं आपके साथ हूं, भगवान आपको सुरक्षित रखें’’।
अफगान नागरिक निकला आरोपी, 2021 में आया था अमेरिका
हमलावर की पहचान 29 वर्षीय रहमानुल्लाह लकनवाल के रूप में हुई है, जो अफगानिस्तान का नागरिक है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार वह 2021 में अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना की वापसी के दौरान अमेरिका लाए गए नागरिकों में शामिल था। उसका एक अनवेरिफाइड फेसबुक पेज भी सामने आया है, जिसमें अफगानिस्तान का झंडा उसकी प्रोफ़ाइल पिक्चर में दिख रहा है। बताया जा रहा है कि वह वाशिंगटन के बेलिंगहैम इलाके में रहता था।
जांच तेज, राजधानी में सुरक्षा बढ़ी
राष्ट्रपति ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया कि इस तरह के हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और दोषी को उदाहरण बनने लायक सजा मिलेगी। सुरक्षा एजेंसियों को घटना की पूरी जांच का आदेश दे दिया गया है और इलाके में अतिरिक्त निगरानी बढ़ा दी गई है।


आँखें न्यूज़ 24 




