बिहार : बढ़ता ही जा रहा है गंगा का जलस्तर , कई नदियां उफनाई

बिहार : बढ़ता ही जा रहा है गंगा का जलस्तर , कई नदियां उफनाई

बिहार में बक्सर से कहलगांव तक गंगा नदी विकराल हो गई है। इसका असर पटना शहर समेत पूरे जिले में दिख रहा है। पानी के दबाव के कारण पटना शहर पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। बांधों पर दबाव बढ़ने से कई जगह रिसाव शुरू हो गया है। गुरुवार देर रात दीघा लॉक यानी पटना नहर में रिसाव हो गया। इससे शहर में पानी घुसने का खतरा बढ़ गया है।
इसकी सूचना पर डीएम चंद्रशेखर सिंह सिंचाई विभाग और बुडको के इंजीनियर मजदूर लेकर दीघा लॉक पहुंचे। करीब दो घंटे तक मरम्मत कार्य चला। पानी निकालने के लिए 13 मोटर पंप लगाए गए हैं। जलस्तर बढ़ने के बाद राजधानी के ज्यादातर घाटों पर जाने से रोक लगा दी गई है।
पुनुपुन बांध में भी कई जगह रिसाव से बाढ़ का पानी कई गांवों में प्रवेश कर गया है। गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण पटना के करीब 18 घाटों पर लोगों के जाने पर रोक लगा दी गई है। 
उधर, बक्सर के साथ ही सभी तटवर्ती जिलों के दियारा क्षेत्र के घरों में पानी घुसने लगा है। बक्सर- कोचस स्टेट हाईवे पर भी लगभग एक फुट पानी चढ़ गया है। भागलपुर में एनएच 80 पर कई जगहों पर बाढ़ का पानी बहने लगा है। इससे भागलपुर जिला मुख्यालय का दूसरे जिलों से संपर्क कटने की स्थिति है। 
दियारा में लगी खरीफ फसलें डूब गई हैं। वहीं समस्तीपुर जिले के मोहनपुर और मोहिउद्दीननगर प्रखंड की दर्जनों पंचायतों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। यहां गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से दो मीटर ऊपर बह रहा है।  
गंगा अपना उग्र तेवर बरकरार रखते हुए राज्य में कई जगहों पर नया उच्चतम स्तर बनाने को बेताब है। आसपास की बड़ी नदियों में सोन और पुनपुन का भी बढ़ता जलस्तर स्थिति को गंभीर बना रहा है।
मुंगेर को छोड़कर सभी जगहों पर यह नदी लाल निशान से एक मीटर से ज्यादा ऊपर है। गंगा पटना के गांधीघाट, हाथीदह और कहलगांव में अब तक के उच्चतम स्तर के करीब पहुंच गई है।
पुनपुन और सोन भी पटना में लाल निशान से काफी ऊपर जाने के बाद भी तेज रफ्तार से बढ़ रही है। हाथीदह के साथ पटना के गांधी घाट पर भी गंगा 2016 में बने उच्चतम जलस्तर 50.52 मीटर को पार कर सकती है। वहां अब मात्र 42 सेमी नीचे रह गई है। गुरुवार को वहां 50.10 मीटर जलस्तर के साथ बह रही है और लाल निशान से 1.50 मीटर ऊपर है। 
दीघा घाट में गंगा लाल निशान से 24 घंटे में 24 सेमी बढ़कर लाल निशान से 107 सेमी ऊपर चली गई है। भागलपुर में 53 और कहलगांव में 97 सेमी लाल निशान से ऊपर बह रही है। इस नदी का जलस्तर गुरुवार तक सभी जगहों पर 10 से 20 सेमी और बढ़ने की आशंका है। खास बात यह है कि बिहार से बाहर भी गंगा अपस्ट्रीम और डाउन ट्रीम दोनों में तेजी से बढ़ रही है।