रांची में CM हेमंत सोरेन से मिले तेजस्‍वी यादव, 2024 के झारखंड विधानसभा चुनाव पर RJD की नजर

रांची में CM हेमंत सोरेन से मिले तेजस्‍वी यादव, 2024 के झारखंड विधानसभा चुनाव पर RJD की नजर

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन से रांची में मुख्‍यमंत्री आवास पर मुलाकात की। इसे झारखंड में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ एकजुटता की कवायद माना जा रहा है। तेजस्‍वी यादव शनिवार से रांची में हैं। उनकी यात्रा का उद्देश्‍य आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड में राष्‍ट्रीय जनता दल को मजबूत करना है। वर्तमान विधानसभा में पार्टी के केवल एक विधायक हैं।तेजस्वी यादव और हेमंत सोरेन की इस औपचारिक मुलाकात के दैरान झारखंड के श्रम मंत्री एवं आरजेडी के एकमात्र विधायक सत्यानंद भोक्ता मौजूद रहे। इसके पहले तेजस्‍वी ने कहा कि वे अविभाजित पुराने बिहार को विकसित करने का सपना लेकर झारखंड आए हैं। इस पुराने बिहार के विकास में ही झारखंड का विकास निहित है। तेजस्‍वी ने झारखंड को संघर्षों की जमीन बताते हुए कहा कि यहां के खनिज संसाधनों से देश आगे बढ़ता है, लेकिन बदले में केंद्र सरकार झारखंड को कुछ खास नहीं देती है। तेजस्‍वी ने कहा कि जब तक पुराने बिहार (बिहार व झारखंड) के साथ ओड़िशा आगे नहीं बढ़ेगा, तब तक देश आगे नहीं बढ़ेगा।