Bihar crime: खगड़िया में JDU नेता की गोली मारकर हत्या, पत्नी ने भतीजे पर लगाया आरोप

रंजू देवी का कहना है कि उनके पति को उनके ही भतीजे आशीष ने गोली मारी। उन्होंने बताया कि एक अन्य व्यक्ति, बीजल, घटना स्थल पर रेकी कर रहा था। गोली लगने के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से कौशल सिंह को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। 

Bihar crime: खगड़िया में JDU नेता की गोली मारकर हत्या,  पत्नी ने भतीजे पर लगाया आरोप
bihar crime news

बिहार के खगड़िया जिले में जदयू विधायक पन्नालाल सिंह पटेल के भांजे और पार्टी नेता कौशल सिंह की बुधवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात चौथम थाना क्षेत्र के कैथी और जयप्रभा नगर के बीच एक गोदाम के पास अंजाम दी गई। कौशल सिंह अपनी पत्नी रंजू देवी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे, इसी दौरान हमलावरों ने उन्हें सिर में गोली मार दी। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों के बीच अफरातफरी मच गई। गंभीर हालत में कौशल सिंह को खगड़िया के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

बताया जा रहा है कि 50 वर्षीय कौशल सिंह, जो पूर्व पंचायत समिति सदस्य भी रह चुके हैं, अपनी पत्नी के साथ गोदाम से लौट रहे थे। गोदाम एनएच-107 पर कैथी और जयप्रभा नगर के बीच स्थित है। इसी दौरान हमलावरों ने उनकी कनपटी पर गोली मार दी और फरार हो गए।

रंजू देवी का कहना है कि उनके पति को उनके ही भतीजे आशीष ने गोली मारी। उन्होंने बताया कि एक अन्य व्यक्ति, बीजल, घटना स्थल पर रेकी कर रहा था। गोली लगने के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से कौशल सिंह को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। 

चित्रगुप्त नगर थाने के थानाध्यक्ष सिंटू कुमार ने बताया कि मृतक के शरीर में कितनी गोली लगी है, यह जानने के लिए शव का एक्स-रे कराया गया। एक्स-रे रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। खगड़िया के एसपी राकेश कुमार खुद अस्पताल पहुंचे और घटना से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि यह हत्या पारिवारिक रंजिश का परिणाम प्रतीत हो रही है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।