बिहार के मंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद लगाया सिंदूर का पौधा, पीएम मोदी का किया जिक्र
मंत्री ने कहा, हमारे देश के मजबूत, संकल्पित और यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर चला कर आतंकवादियों के ठिकानों को सफाया कर दिया। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है।
बिहार के मंत्री सुनील कुमार ने पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी ढांचों को ध्वस्त करने के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू करने वाले भारतीय सशस्त्र बलों के समर्थन में गोपालगंज जिले में शुक्रवार को सिंदूर का एक पौधा लगाया। सुनील कुमार ने थावे मंदिर के परिसर में सिंदूर का पौधा लगाया। यह देवी दुर्गा को समर्पित एक पुराना मंदिर है, जिन्हें ‘थावे वाली माता’ के नाम से जाना जाता है।
इस मौके पर मंत्री ने कहा, हमारे देश के मजबूत, संकल्पित और यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर चला कर आतंकवादियों के ठिकानों को सफाया कर दिया। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। इस अवसर पर आज हमने माता थावे वाली का दर्शन कर, उनका आशीर्वाद लेकर ऑपरेशन सिंदूर के नाम पर हमने सिंदूर का पौधा लगाया है।
उन्होंने अपील करते हुए कहा कि बिहारवासी हरित बिहार बनाने में विभाग का साथ दें। सभी अपने-अपने घर में एक-एक पौधा अवश्य लगाएं। पर्यावरण संरक्षण में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि भोजन, खाना पकाने का तेल, दवाइयां, सौंदर्य प्रसाधन, ऊर्जा आदि अनेक महत्वपूर्ण आवश्यकताएं प्रकृति से ही प्राप्त होती हैं, इसलिए प्रकृति की रक्षा करना, ग्रीन कवर प्राप्त करना तथा जैव विविधता को बढ़ाना हमारा कर्तव्य है।


आँखें न्यूज़ 24 




