राहुल गांधी ने सासाराम से शुरू की 'वोटर अधिकार यात्रा', BJP-RSS पर संविधान मिटाने का आरोप

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने 17 अगस्त 2025 को सासाराम से "वोटर अधिकार यात्रा" की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने बीजेपी और आरएसएस पर संविधान मिटाने और चुनावों में वोट चोरी का गंभीर आरोप लगाया। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए।

राहुल गांधी ने सासाराम से शुरू की 'वोटर अधिकार यात्रा', BJP-RSS पर संविधान मिटाने का आरोप
राहुल गांधी

लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रविवार (17 अगस्त 2025) को बिहार के सासाराम से अपनी वोटर अधिकार यात्रा (Voter Adhikar Yatra) की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह संविधान को बचाने की लड़ाई है।

संविधान बचाने की जंग: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि पूरे देश में आरएसएस और बीजेपी संविधान को मिटाने में लगे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि यह सिर्फ चुनावी लड़ाई नहीं बल्कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई है।

वोट चोरी का आरोप, एक करोड़ नए वोटरों का जिक्र 
राहुल गांधी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा— लोकसभा चुनाव के समय हमारा गठबंधन जीतता है, लेकिन चार महीने बाद विधानसभा चुनाव में बीजेपी जीत जाती है। इसकी जांच की तो पाया गया कि एक करोड़ नए वोटर पैदा कर दिए गए। कर्नाटक के रिकॉर्ड्स में साफ दिखा कि कई विधानसभा क्षेत्रों में एक लाख वोटरों की चोरी हुई है।

'चुनाव आयोग भी शामिल': राहुल का सीधा हमला
नेता विपक्ष ने आगे कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में वोटों की चोरी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस साजिश में चुनाव आयोग की भी भूमिका है। राहुल गांधी ने कहा— हम बिहार की जनता के साथ खड़े हैं। अब चुनावों में चोरी नहीं होने देंगे। हम वोट चोरी नहीं होने देंगे और बिहार की जनता भी इस साजिश को नाकाम करेगी।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 115 दंडाधिकारी तैनात
राहुल गांधी की इस यात्रा को लेकर प्रशासन ने भारी सुरक्षा इंतजाम किए हैं। हेलीपैड से लेकर सभा स्थल तक 115 दंडाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं। भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी रखी जा रही है। सभा स्थल तक पहुंचने वाले कई मार्गों को अस्थायी रूप से बदल दिया गया है ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

बिहार के कई जिलों में करेंगे दौरा
राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा सिर्फ सासाराम तक सीमित नहीं है। वह इस यात्रा के तहत बिहार के कई जिलों का दौरा करेंगे और जनता से सीधा संवाद करेंगे।