दिग्गज एक्टर मनोज कुमार का निधन, बॉलीवुड में पसरा मातम; राजनीतिक गलियारे में भी शोक की लहर
मनोज कुमार को देशभक्ति फिल्मों के लिए जाना जाता था। उनके निधन पर फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त किया है। मनोज कुमार को फिल्म उद्योग में उनके योगदान पर 1992 में पद्म श्री एवं 2015 में दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

दिग्गज भारतीय फिल्म अभिनेता मनोज कुमार का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे। वह कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती थे एवं उन्हें लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां थी। मनोज कुमार के बेटे कुणाल गोस्वामी ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा।
फिल्म निर्देशक मनोज कुमार को देशभक्ति फिल्मों के लिए जाना जाता था। उनके निधन पर फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त किया है। मनोज कुमार को फिल्म उद्योग में उनके योगदान पर 1992 में पद्म श्री एवं 2015 में दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
बॉलीवुड में मनोज कुमार का नाम ऐसे फिल्मकार-अभिनेता के रूप में याद किया जाता है, जिन्होंने देशभक्ति की भावना से परिपूर्ण फिल्मों के जरिये दर्शकों के दिलों पर राज किया।
मनोज कुमार भारतीय सिनेमा के आदर्श थे: PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मशहूर अभिनेता एवं फिल्म निर्माता मनोज कुमार को शुक्रवार को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें भारतीय सिनेमा का आदर्श बताया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, दिग्गज अभिनेता एवं फिल्म निर्माता मनोज कुमार जी के निधन से बहुत दुखी हूं। वह भारतीय सिनेमा के आदर्श थे जिन्हें देशभक्ति की उनकी भावना के लिए विशेष रूप से याद किया जाता था और यह उनकी फिल्मों में भी झलकता था।