दिल्ली: बवाना फैक्ट्री में भीषण आग, इमारत ढही; फायर ब्रिगेड की 17 गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
सुबह 4:48 बजे अचानक आग लगने के बाद फैक्ट्री में विस्फोट हुआ, जिससे इमारत ढह गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। 17 दमकल गाड़ियों को आग पर काबू पाने के लिए लगाया गया है।
दिल्ली के बवाना इलाके में शनिवार तड़के एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने की खबर सामने आई। यह घटना सेक्टर-2, DSIDC बवाना के J-10 इलाके की बताई जा रही है। सुबह 4:48 बजे अचानक आग लगने के बाद फैक्ट्री में विस्फोट हुआ, जिससे इमारत ढह गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। 17 दमकल गाड़ियों को आग पर काबू पाने के लिए लगाया गया है। आग इतनी तेज थी कि इलाके में धुएं का गुबार दूर तक देखा जा सकता था।
कोई हताहत नहीं
हालांकि इस हादसे में अब तक किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल दमकलकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हैं और मामले की जांच की जा रही है। आग लगने के कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
कोटला मुबारकपुर बाजार में भी लगी थी आग
इससे पहले, बुधवार को दिल्ली के कोटला मुबारकपुर स्थित बाजार में भी आग लगने की घटना सामने आई थी। यह आग सुबह 4:08 बजे लगी थी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग के 9 वाहन मौके पर पहुंचे और सुबह 6:15 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।
इस आग में कपड़े, तिरपाल, स्टेशनरी, और कॉस्मेटिक्स जैसी वस्तुएं बेचने वाली दुकानें प्रभावित हुईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में भी कोई हताहत नहीं हुआ।
दिल्ली में लगातार आग लगने की घटनाएं चिंताजनक हैं। फैक्ट्री और बाजार जैसे व्यस्त इलाकों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी से बड़ा खतरा हो सकता है। प्रशासन और संबंधित विभागों को आग से बचाव के उपायों को कड़ाई से लागू करना होगा।


आँखें न्यूज़ 24 




