दिल्ली के ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट में भीषण आग, मची अफरातफरी; सांसदों का इलाका बाल-बाल बचा
दिल्ली के संसद भवन से 200 मीटर दूर ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट में भीषण आग। सांसदों का इलाका बाल-बाल बचा, दमकल की छह गाड़ियां मौके पर।
दिल्ली के वीवीआईपी इलाके डॉ. बिशंबर दास मार्ग पर स्थित ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। यह वही इलाका है जहां लोकसभा और राज्यसभा के कई सांसद रहते हैं, और यह संसद भवन से मात्र 200 मीटर की दूरी पर है। आग लगने की खबर मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव अभियान शुरू कर दिया।
हालांकि अब तक किसी के मरने की खबर नहीं है, लेकिन आग ने कई घरों में भारी नुकसान पहुंचाया है। स्थानीय लोग और अधिकारी इस घटना को लेकर चिंतित और सतर्क हैं, क्योंकि यह क्षेत्र देश की सुरक्षा दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना जाता है।
फायर ब्रिगेड की तत्परता पर उठे सवाल
आग लगने की सूचना दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर फायर डिपार्टमेंट को दी गई थी। लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि दमकल की टीम देर से पहुंची, जिसकी वजह से नुकसान ज्यादा हुआ। एक निवासी ने बताया, हमने तुरंत कॉल किया, लेकिन गाड़ियां आने में वक्त लग गया। अगर वे समय पर पहुंचतीं तो आग इतनी नहीं फैलती।
परिवार ने बताया दर्द – बेटी घायल, कीमती गहने जल गए
समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए एक निवासी ने बताया कि जब आग लगी, उस समय उनके घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। घर में कीमती गहने और जरूरी सामान रखे थे जो सब जल गए।
उन्होंने बताया, आग में हमारी एक बेटी झुलस गई है और उसका इलाज चल रहा है। घर में कुत्ता भी था, लेकिन वह भी धुएं में फंस गया। हमें नहीं पता आग कैसे लगी, शायद बच्चों के पटाखा चलाने से यह हादसा हुआ।
घटनास्थल की तस्वीरें: पुलिस और लोग जुटे राहत में
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में देखा जा सकता है कि पुलिस और सुरक्षा कर्मी लोगों को बाहर निकाल रहे हैं। ग्राउंड फ्लोर के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हैं। दमकल कर्मी लगातार बिल्डिंग के अंदर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हैं।
आग पर काबू, जांच जारी
आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट या पटाखों से आग लगने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल दमकल और दिल्ली पुलिस की टीम जांच में जुटी है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
क्योंकि यह इलाका सांसदों और सरकारी अधिकारियों का निवास क्षेत्र है, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट पर हैं। प्रशासन ने आग लगने के कारणों और लापरवाही की जांच के आदेश दिए हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




