पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल होंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, जाएंगी वेटिकन सिटी
भारत ने पोप फ्रांसिस के निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। राष्ट्रपति आज वेटिकन सिटी में सेंट पीटर के बेसिलिका में पुष्पांजलि अर्पित करके परम पावन पोप फ्रांसिस को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कैथोलिक ईसाई समुदाय के सर्वोच्च धर्मगुरु पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में भाग लेने के लिए आज वेटिकन सिटी जाएंगी। विदेश मंत्रालय के अनुसार पोप फ्रांसिस के राजकीय अंतिम संस्कार में भाग लेने और भारत सरकार और लोगों की ओर से संवेदना व्यक्त करने के लिए राष्ट्रपति 25-26 अप्रैल को वेटिकन सिटी का दौरा करेंगी।
भारत ने पोप फ्रांसिस के निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। राष्ट्रपति आज वेटिकन सिटी में सेंट पीटर के बेसिलिका में पुष्पांजलि अर्पित करके परम पावन पोप फ्रांसिस को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी और शनिवार 26 अप्रैल को, राष्ट्रपति वेटिकन सिटी के सेंट पीटर स्क्वायर में परम पावन पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में भाग लेंगी, जिसमें दुनिया भर के गणमान्य व्यक्ति भाग लेंगे।
पोप फ्रांसिस का 21 अप्रैल को निधन हो गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पोप फ्रांसिस के निधन पर शोक व्यक्त किया था और कहा था कि भारत के लोगों के प्रति उनका स्नेह हमेशा संजोया जाएगा।