लालू यादव ने बड़े बेटे तेज प्रताप को 6 साल के लिए RJD से निकाला, परिवार से भी किया दूर

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने बेटे तेजप्रताप यादव को अनुशासनहीनता के चलते 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। परिवार और पार्टी में तेजप्रताप की अब कोई भूमिका नहीं होगी। बिहार की राजनीति में इस फैसले ने हलचल मचा दी है।

लालू यादव ने बड़े बेटे तेज प्रताप को 6 साल के लिए RJD से निकाला, परिवार से भी किया दूर
lalu yadv tejashwi yadav and Tej pratap yadav

बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर हुआ है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इसके साथ ही लालू यादव ने उन्हें परिवार से भी दूर कर दिया है। यह फैसला तेजप्रताप यादव के "गैर जिम्मेदाराना और अनुचित व्यवहार" के चलते लिया गया।

लालू प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर अपने इस फैसले की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमजोर करता है। ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है। अतएव, उपरोक्त परिस्थितियों के चलते उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूँ। अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी।

तेजप्रताप यादव पर लगाए गए आरोप
राजद प्रमुख ने तेजप्रताप यादव के व्यवहार को पार्टी की छवि और पारिवारिक मूल्यों के खिलाफ बताया। उन्होंने यह भी कहा कि तेजप्रताप अब अपने निजी जीवन के फैसले खुद लेने के लिए स्वतंत्र हैं। लालू ने स्पष्ट किया कि जो भी लोग उनसे संबंध रखेंगे, वह अपने विवेक से निर्णय लें।

पढ़ें: तेज प्रताप को राजद से निकाले जाने पर तेजस्वी की ओर से आया रिएक्शन, जानिए क्या कहा?

राजनीतिक गलियारों में हलचल
इस घटना ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है। तेजप्रताप यादव का भविष्य सवालों के घेरे में है। राजद के कार्यकर्ता और समर्थक इस खबर से स्तब्ध हैं। नीतीश कुमार और बीजेपी जैसे विरोधी दल इस घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं।