बागेश्वर धाम हादसा: टेंट गिरने से श्रद्धालु की मौत, 8 घायल; अयोध्या से दर्शन आया था परिवार
छतरपुर के बागेश्वर धाम में गुरुवार सुबह टेंट गिरने से बड़ा हादसा हुआ। उत्तर प्रदेश से दर्शन को आए 50 वर्षीय श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। जानें पूरी खबर।
बागेश्वर धाम में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। तेज बारिश के बीच टेंट का एक हिस्सा गिरने से अयोध्या से दर्शन को आए एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब 7 बजे आरती के बाद हुआ, जब बारिश से बचने के लिए बड़ी संख्या में लोग टेंट के नीचे इकट्ठा थे।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के चौरी सिकन्दरपुर निवासी श्यामलाल कौशल (50 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे में मृतक के दामाद राजेश कुमार कौशल, उनकी पत्नी सौम्या, पारुल, उन्नति सहित परिवार के अन्य लोग घायल हो गए।
कैसे हुआ हादसा?
गुरुवार सुबह से ही बागेश्वर धाम में रुक-रुककर बारिश हो रही थी। बारिश तेज होने पर श्रद्धालु टेंट के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान टेंट का एक हिस्सा गिर पड़ा और लोहे का एंगल श्यामलाल कौशल के सिर पर आ गिरा। उन्हें मौके पर ही गंभीर चोट लगी और थोड़ी देर में दम तोड़ दिया।
दर्शन को आए थे 6 लोग
मृतक के दामाद राजेश ने बताया कि वे बुधवार रात ही परिवार के 6 लोगों के साथ कार से बागेश्वर धाम पहुंचे थे। शुक्रवार को पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री जी महाराज का जन्मदिन था। सभी लोग सुबह दर्शन के लिए पहुंचे थे कि यह हादसा हो गया।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच शुरू
घटना के बाद घायलों को तुरंत छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
जिला अस्पताल के डॉक्टर नरेश त्रिपाठी ने बताया कि मृतक को बागेश्वर धाम से लाया गया था। परिजनों ने बताया कि हादसा टेंट गिरने से हुआ।


आँखें न्यूज़ 24 




