पुणे में डिलीवरी बॉय बनकर घुसा दरिंदा, 25 साल की युवती से रेप, बनाया वीडियो और दी धमकी

पुणे के कोथरूड-कोंढवा की हाई-प्रोफाइल सोसायटी में डिलीवरी बॉय बनकर घुसे आरोपी ने 25 वर्षीय युवती से रेप किया, वीडियो बनाकर दी धमकी। जानें पूरी घटना।

पुणे में डिलीवरी बॉय बनकर घुसा दरिंदा, 25 साल की युवती से रेप, बनाया वीडियो और दी धमकी
प्रतीकात्मक तस्वीर

पुणे से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है जिसने पूरे शहर को हिला कर रख दिया है। 25 वर्षीय युवती से उसके ही घर में रेप करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को डिलीवरी बॉय बताकर सोसायटी में एंट्री ली और वारदात को अंजाम दिया। यह घटना बुधवार शाम करीब 7:30 बजे पुणे शहर के कोथरूड के पास स्थित कोढ़वा (Kondhwa) इलाके की एक हाई-प्रोफाइल हाउसिंग सोसायटी में हुई।

घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी। यह वारदात न सिर्फ महिलाओं की सुरक्षा बल्कि सोसायटी की सिक्योरिटी और डिलीवरी सिस्टम पर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर गई है।

कैसे रची आरोपी ने खौफनाक साजिश?
पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी एक बैंक का लिफाफा लेकर डिलीवरी बॉय बनकर सोसायटी में दाखिल हुआ। वह सीधे पीड़िता के फ्लैट पर पहुंचा और पार्सल सौंपते हुए युवती से कहा कि इस पर दस्तखत जरूरी हैं। युवती ने मना किया कि यह पार्सल उसका नहीं है।

इस पर आरोपी ने कहा कि वह पेन लाना भूल गया है। युवती जैसे ही पेन लाने के लिए अंदर गई, आरोपी ने दरवाजा बंद किया और उसके चेहरे पर किसी स्प्रे का छिड़काव कर दिया। युवती जब तक कुछ समझ पाती, आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की और रेप किया।

वारदात के बाद ली सेल्फी और दी धमकी
इतना ही नहीं, रेप के बाद आरोपी ने पीड़िता का मोबाइल फोन लेकर उसके साथ सेल्फी खींची। फिर उसने पीड़िता के ही मोबाइल पर एक मैसेज टाइप किया — ‘वापस आऊंगा’ और धमकी दी कि अगर उसने पुलिस को कुछ बताया तो अंजाम बुरा होगा।

पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया। फिलहाल पुलिस उस वीडियो की जांच कर रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, तेज हुई जांच
पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता (IPC) की नई धाराओं — 64, 77 और 351(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। सोसायटी के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मोबाइल डेटा एनालिसिस भी की जा रही है।

पुणे जोन-5 के डीसीपी डॉ. राजकुमार शिंदे ने बताया कि यह मामला बेहद गंभीर है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

सवालों के घेरे में सोसायटी की सिक्योरिटी
इस वारदात के बाद हाउसिंग सोसायटी की सिक्योरिटी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। बिना किसी वेरिफिकेशन के डिलीवरी बॉय के रूप में किसी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने देना कितना बड़ा खतरा बन सकता है, यह इस घटना ने साबित कर दिया है।