सुप्रीम कोर्ट प्रोफेसर अली खान की याचिका पर सुनवाई को तैयार, 'ऑपरेशन सिंदूर' पर शेयर किया था विवादित पोस्ट

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को अशोका यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद की याचिका पर तत्काल सुनवाई करने पर सहमति जताई, जिन्हें हाल ही में हरियाणा पुलिस ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से संबंधित फेसबुक पोस्ट को लेकर गिरफ्तार किया था।

सुप्रीम कोर्ट प्रोफेसर अली खान की याचिका पर सुनवाई को तैयार, 'ऑपरेशन सिंदूर' पर शेयर किया था विवादित पोस्ट
Professor Ali Khan Mahmoodabad

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को अशोका यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद की याचिका पर तत्काल सुनवाई करने पर सहमति जताई, जिन्हें हाल ही में हरियाणा पुलिस ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से संबंधित फेसबुक पोस्ट को लेकर गिरफ्तार किया था।

वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने शीर्ष अदालत के मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई के समक्ष मामले का उल्लेख किया और तत्काल सुनवाई की मांग की। अधिवक्ता सिब्बल ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर पर पूरी तरह से देशभक्ति से भरे बयान के लिए अशोका यूनिवर्सिटी के एक प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई की गयी है। इसे तत्काल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जा सकता है।

इस मामले की तात्कालिकता को देखते हुए मुख्य न्यायाधीश ने निर्देश दिया कि मामले को 21 मई को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाए। प्रोफेसर को गिरफ्तारी के बाद रविवार को मजिस्ट्रेट ने उन्हें दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था।

कौन हैं अली खान? 
अली खान महमूदाबाद हरियाणा के सोनीपत स्थित अशोक यूनिवर्सिटी में असोसिएट पद पर कार्यरत हैं। उन्हें यूनिवर्सिटी ने अपने राजनीति विज्ञान विभाग के प्रमुख का दायित्व दिया हुआ है। 42 वर्षीय अली खान ने पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर को लेकर 8 मई को अपने सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट किए। इनमें उन्होंने लिखा कि हिंदुत्व के झंडाबरदारों को कर्नल सोफिया कुरैशी की प्रशंसा करनी पड़ रही है, जो एक मुस्लिम महिला है।

हरियाणा राज्य महिला आयोग ने प्रोफेसर के इस नफरती बयान का स्वतः संज्ञान लिया। आयोग ने कहा कि प्रोफेसर ने एक महिला की मर्यादा को तार-तार किया और सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश की। आयोग ने अली खान को समन भेजा। दूसरे दिन पुलिस ने उन्हें हरियाणा बीजेपी के युवा मोर्चा के महासचिव योगेश जठेरी की शिकायत पर हिरासत में लिया। पुलिस ने विद्रोह के लिए उकसाने, सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने और धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने के आरोप में अली खान महमूदाबाद पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।