दरभंगा में मुकेश सहनी का ऐलान: निषाद अब मछली मारने वाला नहीं, सरकार बनाने वाला है

मुकेश सहनी ने दरभंगा के कुशेश्वर स्थान में निषाद समुदाय को एकजुट होकर संघर्ष करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि निषाद केवल मछली पकड़ने वाला नहीं, बल्कि सरकार बनाने वाला भी है।

दरभंगा में मुकेश सहनी का ऐलान: निषाद अब मछली मारने वाला नहीं, सरकार बनाने वाला है
मुकेश सहनी

बिहार के पूर्व मंत्री और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक मुकेश सहनी शुक्रवार को दरभंगा के बिरौल में आयोजित कुशेश्वर स्थान विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे। अपने जोशीले भाषण में सहनी ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से गहरा जुड़ाव स्थापित किया। उन्होंने कहा, भले ही मैं किसी अन्य क्षेत्र का नेता हूं, लेकिन दरभंगा के लिए मैं आपका बेटा और आपका साथी हूं।

निषादों की नई पहचान: मछली पकड़ने से सरकार बनाने तक
मुकेश सहनी ने बताया कि वे पिछले 12 वर्षों से बिहार में निषाद समुदाय के कल्याण के लिए संघर्षरत हैं। उन्होंने कहा, आजादी के बाद से निषादों को पहचान नहीं मिली थी। चुनाव के समय केवल उनके वोट खरीदे जाते थे। लेकिन हमने 12 सालों में निषादों की परिभाषा बदल दी। आज लोग मानते हैं कि निषाद अब केवल मछली मारने वाला नहीं, बल्कि सरकार बनाने वाला भी है।

शिक्षा और एकजुटता का संदेश
सहनी ने समुदाय को जागरूक करते हुए कहा, पहले बच्चों को पढ़ाइए और एकजुट होकर संघर्ष कीजिए। जब संघर्ष होगा, तो निषादों को आरक्षण भी मिलेगा। यदि हमारे पूर्वज लड़ाई लड़े होते, तो हमें संघर्ष नहीं करना पड़ता। उन्होंने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर और बीपी मंडल का उदाहरण देते हुए कहा कि सामाजिक अधिकारों के लिए खुद लड़ाई लड़नी पड़ती है।

आगामी विधानसभा चुनाव और निषादों की ताकत
सहनी ने 2025 के विधानसभा चुनावों को समुदाय की शक्ति दिखाने का मौका बताया। उन्होंने कहा, हमें ऐसी सरकार बनानी है, जो गरीबों के कल्याण और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम करे। हमें पांच किलो अनाज नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी का उज्ज्वल भविष्य चाहिए।