पीएम मोदी की मां के अपमान के विरोध में 4 सितंबर को बिहार बंद, NDA ने किया ऐलान
पीएम नरेंद्र मोदी ने पटना से वर्चुअल कार्यक्रम में अपनी मां के खिलाफ हुई कथित अपमानजनक टिप्पणी पर भावुक होकर कहा कि यह पूरे देश की माताओं का अपमान है। इसके विरोध में एनडीए ने 4 सितंबर को सुबह 7 से 12 बजे तक बिहार बंद का ऐलान किया है।
पटना में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने वर्चुअल माध्यम से बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का शुभारंभ किया। इस दौरान जब उन्होंने लोगों को संबोधित किया तो उनका स्वर भावुक हो गया। उन्होंने हाल ही में महागठबंधन (RJD-Congress) के मंच से उनकी दिवंगत मां के खिलाफ की गई कथित अपमानजनक टिप्पणियों का जवाब दिया।
पीएम मोदी का भावुक संबोधन
पीएम मोदी ने कहा– मेरी मां को गाली दी गई, ये सिर्फ मेरी मां का अपमान नहीं है बल्कि देश की हर मां, बहन और बेटी का अपमान है। मां हमारा संसार है, मां हमारा स्वाभिमान है। बिहार जैसे संस्कारी राज्य में ऐसी बातें सुनकर पीड़ा होती है।
उन्होंने आगे कहा कि उनकी मां का राजनीति से कभी कोई लेना-देना नहीं था और अब वे इस दुनिया में भी नहीं हैं। इसके बावजूद उन्हें गालियों का निशाना बनाया गया।
NDA का बड़ा फैसला – बिहार बंद
प्रधानमंत्री मोदी की भावुक अपील और विरोधी दलों की बयानबाजी पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने बड़ा कदम उठाया है। एनडीए ने घोषणा की है कि 4 सितंबर (गुरुवार) को बिहार बंद रहेगा। यह बंद सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रभावी होगा, ताकि आम जनता को ज्यादा असुविधा न हो।
इस विरोध प्रदर्शन की कमान एनडीए महिला मोर्चा के हाथों में होगी। एनडीए कार्यकर्ता राजद (RJD) और कांग्रेस के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे और पीएम मोदी की मां के खिलाफ दिए गए अपमानजनक बयानों का विरोध करेंगे।
राजनीतिक हलचल तेज
इस घटनाक्रम के बाद बिहार की राजनीति और गरमा गई है। एनडीए पीएम मोदी की मां के अपमान को बड़ा मुद्दा बनाकर जनता के बीच ले जाने की तैयारी कर रहा है। वहीं, महागठबंधन के नेताओं पर दबाव बढ़ गया है कि वे इस विवादास्पद बयान पर सफाई दें।


आँखें न्यूज़ 24 




