तेज प्रताप यादव का 'नई राह' का ऐलान आज! लालू से बगावत के बाद नई पार्टी की तैयारी, अनुष्का का भी हो सकता है साथ

तेज प्रताप यादव आज नई पार्टी का ऐलान कर सकते हैं। लालू यादव से बगावत के बाद अनुष्का यादव के साथ नई राह पर। पढ़ें पूरी खबर।

तेज प्रताप यादव का 'नई राह' का ऐलान आज! लालू से बगावत के बाद नई पार्टी की तैयारी, अनुष्का का भी हो सकता है साथ
Tej Pratap Yadav

बिहार की राजनीति में आज एक बड़ा घटनाक्रम होने वाला है। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव शुक्रवार शाम 5 बजे अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं, जिसमें वो अपनी नई पार्टी या संगठन का ऐलान कर सकते हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले यह कदम प्रदेश की सियासत में हलचल मचाने वाला माना जा रहा है। तेज प्रताप को हाल ही में उनके पिता लालू यादव ने आरजेडी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था और परिवार से भी अलग कर दिया गया था।

क्या कहा था लालू यादव? 
लालू यादव ने तेज प्रताप पर कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (Twitter) पर पोस्ट कर कहा था, निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना हमारे सामाजिक न्याय के संघर्ष को कमजोर करती है। ज्येष्ठ पुत्र का गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार पारिवारिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। अतः उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूं। अब से उसकी कोई भूमिका नहीं रहेगी। वह अपने जीवन का निर्णय स्वयं ले।

लालू यादव ने यह भी जोड़ा कि लोकलाज का पालन परिवार के सभी आज्ञाकारी सदस्यों ने किया है, तेज प्रताप को भी ऐसा ही करना चाहिए था।

क्या है विवाद की जड़?
तेज प्रताप का विवाद उनके निजी जीवन से जुड़ा है। वे पहले से ही ऐश्वर्या राय के साथ तलाक के केस में उलझे हुए थे। इस बीच उन्होंने कुछ दिन पहले एक्स पर खुद यह खुलासा कर दिया कि वे अनुष्का यादव के साथ रिश्ते में हैं। यही पोस्ट उनके राजनीतिक और पारिवारिक पतन की वजह बन गई।

नई पार्टी और अनुष्का की एंट्री?
तेज प्रताप की प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर अटकलें तेज हैं कि वे आज ही अपनी नई पार्टी का औपचारिक ऐलान करेंगे। साथ ही चर्चा है कि अनुष्का यादव भी इस नई पार्टी का हिस्सा बन सकती हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है। बिहार के सियासी गलियारों में कहा जा रहा है कि तेज प्रताप इस चुनाव में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाना चाहते हैं। 2025 का चुनाव तेज प्रताप के राजनीतिक भविष्य के लिए निर्णायक साबित हो सकता है।