चिराग पासवान का 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' एजेंडा, LJPR का 243 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी

चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में सभी 243 सीटों पर लड़ने का बड़ा ऐलान किया। शांभवी चौधरी और वीणा देवी ने उनके 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' एजेंडे की तारीफ की और आरजेडी-कांग्रेस पर तीखा हमला किया। जानें पूरी खबर।

चिराग पासवान का 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' एजेंडा, LJPR का 243 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी
चिराग पासवान

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रविवार, 29 जून 2025, को राजगीर में एक भव्य रैली का आयोजन किया। इस दौरान चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात को फिर दोहराया।

लोजपा (आर) की सांसद शांभवी चौधरी और वैशाली से सांसद वीणा देवी ने चिराग के इस निर्णय की सराहना की और इसे बिहार के विकास के लिए एक निर्णायक कदम बताया।

शांभवी चौधरी का बड़ा बयान
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए सांसद शांभवी चौधरी ने कहा, हम एनडीए गठबंधन का हिस्सा हैं। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने हमेशा बिहार के विकास की बात की है। उनका 'बिहार फर्स्ट और बिहारी फर्स्ट' का एजेंडा हर सीट पर चुनाव लड़ने की सोच के साथ जुड़ा हुआ है। यह बिहार को आगे ले जाने का सही तरीका है।

शांभवी चौधरी ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर तीखा हमला करते हुए कहा, राहुल गांधी संविधान की हत्या की बात करते हैं, लेकिन जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब आपातकाल लगाकर संविधान की सच्ची हत्या की गई। कांग्रेस के नेताओं ने बिहार को हमेशा छोटा समझा। तेजस्वी यादव शिक्षा का महत्व समझने के बजाय, सत्ता में आने पर जमीन मांगने में व्यस्त थे।

वीणा देवी का समर्थन
सांसद वीणा देवी ने चिराग के बिहार के सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा का समर्थन किया। उन्होंने कहा, हम एनडीए का हिस्सा हैं और सभी सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। एनडीए के सभी घटक दल एक-दूसरे का साथ देंगे और बिहार के विकास के लिए काम करेंगे।

कांग्रेस और आरजेडी पर हमला
शांभवी चौधरी ने आरजेडी को बिहार के युवाओं के पलायन और बेरोजगारी के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, आरजेडी और कांग्रेस के सत्ता में रहते हुए बिहार ने पिछड़ेपन को झेला। यह गठबंधन सत्ता का लालच रखता है, विकास का नहीं।