बिहार चुनाव में गरमाया सियासी माहौल: रविशंकर प्रसाद बोले – एनडीए की बनेगी सरकार, तेजस्वी यादव को बताया ‘बिना होमवर्क वाला नेता’
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने दावा किया कि एनडीए राज्य में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा। उन्होंने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वह बिना होमवर्क के राजनीति कर रहे हैं और जंगलराज की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। प्रसाद ने नीतीश कुमार की 20 साल की सुशासन नीति को बिहार की ताकत बताया। दूसरी ओर, तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर उद्योगों में पक्षपात का आरोप लगाया। 11 नवंबर को दूसरे चरण की वोटिंग होगी और 14 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव का माहौल अब पूरी तरह गरमा गया है। नतीजे 14 नवंबर को घोषित होने वाले हैं, लेकिन उससे पहले सत्ता और विपक्ष दोनों ही खेमों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार को बीजेपी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि राज्य में एनडीए ऐतिहासिक जीत हासिल कर एक बार फिर सत्ता में लौटेगा।
उन्होंने कहा कि “जनता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन पर भरोसा करती है और बिहार ने जंगलराज को हमेशा के लिए नकार दिया है।”
रविशंकर प्रसाद का तेजस्वी यादव पर तीखा वार
बीजेपी नेता ने आरजेडी के युवा नेता तेजस्वी यादव को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि चुनावी साइलेंस पीरियड के बावजूद वो अपने घोषणापत्र और योजनाओं की बातें कर रहे हैं। यह उनकी हताशा और बौखलाहट का संकेत है।
तेजस्वी द्वारा यह सवाल उठाने पर कि सारे उद्योग बीजेपी शासित राज्यों में ही क्यों लग रहे हैं?, रविशंकर प्रसाद ने जवाब दिया — तेजस्वी जी को शायद जानकारी नहीं कि बिहार में 17 इथेनॉल फैक्ट्रियां लग चुकी हैं, सिल्क और बिस्कुट उद्योग तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने तंज कसा, तेजस्वी जी थोड़ा होमवर्क तो कीजिए। राहुल गांधी की तरह बिना तैयारी के बयानबाज़ी मत करिए। मुख्यमंत्री बनना आसान नहीं है, और आप कभी बन भी नहीं पाएंगे।
‘जंगलराज बनाम सुशासन’ की जंग
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि यह चुनाव ‘जंगलराज बनाम सुशासन’ की लड़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव अपने पिता लालू यादव की भ्रष्टाचार और भय की राजनीति की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा — नीतीश कुमार पिछले 20 साल से बिहार में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार दे रहे हैं, जबकि तेजस्वी यादव के खिलाफ कोर्ट में रेलवे जमीन घोटाले के तहत 420 का मामला चल रहा है।
‘संस्थाओं पर हमले की राजनीति’
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव द्वारा चुनाव आयोग को मृत और औज़ार कहने पर रविशंकर प्रसाद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी या उनके सहयोगी दलों को मनचाहा परिणाम नहीं मिलता, तो वो चुनाव आयोग, अदालत और संसद जैसी संस्थाओं पर हमला करने लगते हैं। लोकतंत्र के स्तंभों का अपमान करना इनकी फितरत बन चुकी है।
दूसरे चरण की वोटिंग कल
राज्य में दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर (मंगलवार) को होनी है। इस चरण में सत्ता और विपक्ष के कई बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। नतीजों से पहले दोनों गठबंधनों के बीच विजय का दावा और आरोप-प्रत्यारोप की सियासत अपने चरम पर पहुंच गई है।


आँखें न्यूज़ 24 




