बिहार चुनाव से पहले 6 नेताओं की बढ़ी सुरक्षा! सम्राट चौधरी को Z+, तेजस्वी यादव को जेड और पप्पू यादव को Y+ सिक्योरिटी

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, तेजस्वी यादव और पप्पू यादव समेत 6 नेताओं की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जानें किसे मिली Z+, Z और Y+ श्रेणी की सुरक्षा और इसमें क्या-क्या शामिल है।

बिहार चुनाव से पहले 6 नेताओं की बढ़ी सुरक्षा! सम्राट चौधरी को Z+, तेजस्वी यादव को जेड और पप्पू यादव को Y+ सिक्योरिटी
Tejashwi Yadav , Samrat Choudhary and Pappu Yadav

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इसी बीच राज्य सरकार ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव समेत छह नेताओं की सुरक्षा बढ़ा दी है। गृह विभाग ने पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर अनुशंसा की है कि इन नेताओं को उच्च श्रेणी की सुरक्षा तुरंत दी जाए।

सम्राट चौधरी को मिला Z+ और ASL सुरक्षा कवर
राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को Z प्लस श्रेणी के साथ ASL (Advance Security Liaison) सुरक्षा दी गई है। यह भारत की सबसे ऊंची सुरक्षा श्रेणियों में से एक है, जिसमें NSG कमांडो सहित 55 प्रशिक्षित जवान 24 घंटे सुरक्षा देते हैं। इसमें बुलेटप्रूफ जैकेट, आधुनिक हथियार, 2 एस्कॉर्ट वाहन और 6 फ्रिस्किंग जवान भी शामिल होते हैं।

तेजस्वी यादव को Z, पप्पू यादव को Y+ सुरक्षा
राजद नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को Z श्रेणी की सुरक्षा दी जाएगी, जिसमें 22 सुरक्षाकर्मी शामिल होते हैं। वहीं, लंबे समय से सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को Y प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की जाएगी, जिसमें 11 सुरक्षाकर्मी, 1-2 कमांडो और 2 पीएसओ शामिल होते हैं।

अन्य नेताओं को भी मिली सुरक्षा
इसके अलावा बाढ़ विधानसभा के विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू और अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह को Y+ श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। वहीं, जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार को Y श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की जाएगी।

गृह विभाग ने दी आधिकारिक मंजूरी
गृह विभाग के विशेष सचिव सुहित अनुपम ने पत्र जारी करके पुलिस महानिदेशक और विशेष शाखा के एडीजी को आदेश भेजा है। पत्र में लिखा गया है कि 1 अगस्त 2025 को राज्य सुरक्षा समिति की बैठक में नेताओं की सुरक्षा बढ़ाने का निर्णय लिया गया था और उसके तहत यह अनुशंसा की गई है।

Z+, Z और Y+ सुरक्षा क्या है?
Z+ सुरक्षा: भारत का सबसे उच्च सुरक्षा कवर, जिसमें 55 सुरक्षाकर्मी, NSG कमांडो, बुलेटप्रूफ वाहन और आधुनिक हथियार शामिल होते हैं।
Z सुरक्षा: 22 सुरक्षाकर्मी, 4-6 कमांडो और पुलिस बल के जवान शामिल।
Y+ सुरक्षा: 11 सुरक्षाकर्मी, 1-2 कमांडो और 2 पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) शामिल।