Voter List विवाद पर विपक्ष का संसद से EC दफ्तर तक मार्च, पुलिस से टकराव; अखिलेश यादव बैरिकेड पर चढ़े
राहुल गांधी के वोट चोरी आरोप के बाद विपक्षी सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग तक मार्च करने की कोशिश की, लेकिन दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। अखिलेश यादव, महुआ मोइत्रा और सागरिका घोष बैरिकेड पर चढ़े।
देश की सियासत में इन दिनों वोट चोरी (Voter Fraud) के मुद्दे पर गर्मा-गर्मी चरम पर है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा मतदाता सूची (Voter List) में गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाने के बाद आज विपक्षी सांसदों ने संसद के मकर द्वार से चुनाव आयोग (Election Commission) के दफ्तर तक मार्च करने का ऐलान किया।
दिल्ली पुलिस ने मार्च को रोका
दिल्ली पुलिस ने इस मार्च को चुनाव आयोग तक जाने की इजाजत नहीं दी। आयोग के बाहर भारी सुरक्षा इंतजाम किए गए, जिसमें पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स के जवान तैनात रहे। जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाकर विपक्षी नेताओं के काफिले को रोक दिया गया।
बैरिकेड पर चढ़े सांसद, अखिलेश ने दिया धरना
मार्च के दौरान कई सांसद बैरिकेड पर चढ़ गए और कूद गए। सपा प्रमुख अखिलेश यादव बैरिकेड पार करते नजर आए। वहीं, टीएमसी सांसद सागरिका घोष और महुआ मोइत्रा भी बैरिकेड्स पर चढ़ीं। इसके बाद अखिलेश यादव ने मौके पर ही धरना दे दिया और कहा— पुलिस हमें रोक रही है, लेकिन हम चुनाव आयोग जाने के लिए तैयार हैं।
जयराम रमेश का बयान
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा— सिर्फ 30 नहीं, पूरा विपक्ष चुनाव आयोग जाएगा। इस पर अखिलेश यादव ने जोड़ा— जितने लोगों को जाने दें, हम चलने के लिए तैयार हैं।
EC ने 30 सदस्यीय डेलिगेशन को बुलाया
इससे पहले चुनाव आयोग ने विपक्ष के 30 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को मुलाकात के लिए बुलाया था। आयोग ने कांग्रेस के जयराम रमेश को पत्र लिखकर दोपहर 12 बजे मिलने का समय दिया और स्थान की कमी का हवाला देते हुए 30 लोगों की सूची भेजने को कहा।
विपक्ष ने प्रस्ताव ठुकराया
विपक्ष का कहना है कि हमने संयुक्त रूप से मेमोरेंडम देने के लिए समय मांगा था, न कि सीमित डेलिगेशन भेजने के लिए। अगर सब नहीं जाएंगे, तो कोई नहीं जाएगा।
राहुल गांधी का ‘वोट चोरी’ अभियान
राहुल गांधी ने मतदाता सूची में गड़बड़ी और वोट चोरी के आरोपों को लेकर हाल ही में एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत उन्होंने एक वेबसाइट लॉन्च की है और जनता से इसमें शामिल होने की अपील की है।


आँखें न्यूज़ 24 




