महागठबंधन में सीटों की खींचतान: लेफ्ट का तेजस्वी पर दबाव, 24 सीटों की मांग
बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के तहत सीटों का बंटवारा सुर्खियों में है। CPI ने 24 सीटों की मांग रखी, जबकि RJD और तेजस्वी यादव ने एकजुटता पर जोर दिया। जानिए सीटों के संभावित बंटवारे का फॉर्मूला।
महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर घमासान तेज हो गया है। वामपंथी दल, खासतौर पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI), ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और तेजस्वी यादव पर दबाव बढ़ा दिया है। CPI ने विधानसभा चुनाव में 24 सीटों पर लड़ने की इच्छा जताई है। इस मांग को लेकर CPI के राष्ट्रीय महासचिव डी राजा और राज्य सचिव राम नरेश पांडे ने तेजस्वी यादव से मुलाकात की।
CPI ने क्या कहा?
CPI के नेता राम नरेश पांडे ने बताया कि पार्टी ने 24 सीटों की सूची तेजस्वी यादव को सौंपी है। उन्होंने कहा, महागठबंधन में वोट ट्रांसफर की सबसे अधिक क्षमता हमारी है। 2020 के चुनाव में हमें सिर्फ 6 सीटें मिली थीं, जो सम्मानजनक नहीं थीं। इसके बावजूद हमने वोट ट्रांसफर कराकर 2 सीटें जीतीं। इस बार हमारी स्थिति और मजबूत है।
तेजस्वी का क्या है रुख?
तेजस्वी यादव के नेतृत्व में RJD ने CPI की मांगों को प्राथमिकता देने के बजाय महागठबंधन की एकजुटता और NDA को सत्ता से हटाने को प्रमुखता दी है। आरजेडी महासचिव रणविजय साहू ने कहा, सीट बंटवारे से ज्यादा महत्वपूर्ण है बिहार को बदलने का लक्ष्य। महागठबंधन में किसी तरह की तनातनी नहीं है। सब आसानी से सुलझ जाएगा।
महागठबंधन के संभावित सीट बंटवारे का फॉर्मूला
सूत्रों के अनुसार, बिहार की 243 विधानसभा सीटों का बंटवारा इस प्रकार हो सकता है:
RJD: 140 सीटें
कांग्रेस: 52 सीटें
वाम दल: 35 सीटें (CPI, CPIML, CPM)
VIP: 15 सीटें
अगर RLJP (पशुपति पारस) महागठबंधन में शामिल होती है, तो उन्हें 3-4 सीटें मिल सकती हैं।
क्या कहते हैं पिछले आंकड़े?
2024 लोकसभा चुनाव में महागठबंधन के तहत सीटों का बंटवारा कुछ इस प्रकार था:
RJD: 23 सीटें
कांग्रेस: 9 सीटें
वाम दल: 5 सीटें (CPIML: 3, CPM: 1, CPI: 1)
VIP: 3 सीटें


आँखें न्यूज़ 24 




