14 तारीख को 11 बजे तक लालू एंड कंपनी का सूपड़ा साफ हो जाएगा... बेतिया में गरजे अमित शाह
बिहार के बेतिया में गृह मंत्री अमित शाह ने एनडीए जनसभा में विपक्ष पर तीखा हमला बोला। बोले — 14 तारीख को 11 बजे तक लालू एंड कंपनी का सूपड़ा साफ हो जाएगा। शाह ने चेतावनी दी कि अगर ठगबंधन की सरकार बनी तो बिहार चंबल बन जाएगा। सीतामढ़ी में सीता मंदिर और अयोध्या से वंदे भारत ट्रेन शुरू करने का वादा किया।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को बेतिया में एनडीए की विशाल जनसभा को संबोधित किया। सभा में उमड़ी भीड़ के बीच शाह ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला और दावा किया कि 14 नवंबर को एनडीए एक बार फिर बिहार में सरकार बनाएगा।
अपने भाषण की शुरुआत उन्होंने भगवान वाल्मीकि की तपोभूमि का उल्लेख करते हुए की और कहा कि चंपारण की यह पवित्र धरती हमेशा सच्चाई और धर्म के पक्ष में रही है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर गलती से ठगबंधन (RJD-कांग्रेस गठबंधन) की सरकार बन गई तो चंपारण की यह धरती चंबल बन जाएगी और बिहार फिर से जंगलराज के अंधेरे में डूब जाएगा।
शाह का आत्मविश्वास — सुबह 11 बजे तक लालू एंड कंपनी खत्म
अमित शाह ने कहा, पहले चरण की वोटिंग एनडीए के पक्ष में हुई है और 11 तारीख को दूसरे चरण में भी जनता कमल के निशान पर ही वोट डालेगी। जब 14 तारीख को मतगणना शुरू होगी, तो सुबह 8 बजे से गिनती चलेगी और 11 बजे तक ‘लालू एंड कंपनी’ का सूपड़ा साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार ही स्थिरता और विकास की गारंटी है।
'मोदी जी ने राम मंदिर बनवाया, अब सीता मंदिर बनेगा'
अमित शाह ने जनसभा में अयोध्या और सीतामढ़ी के सांस्कृतिक संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर मोदी जी ने बनवाया, जिसे कांग्रेस और लालू एंड कंपनी ने सालों तक अटकाए रखा। अब सीतामढ़ी में माता सीता का मंदिर भी बनकर तैयार हो रहा है। जिस दिन वह मंदिर बन जाएगा, उसी दिन अयोध्या से सीतामढ़ी तक वंदे भारत ट्रेन शुरू की जाएगी।
घुसपैठ और सुरक्षा का मुद्दा उठा— राहुल गांधी पर तीखा हमला
सभा के दौरान शाह ने राष्ट्रीय सुरक्षा और घुसपैठियों के मुद्दे पर भी जनता से सीधा सवाल किया — क्या घुसपैठियों को देश से बाहर निकालना चाहिए या नहीं?
भीड़ से ज़ोरदार ‘हां’ के नारे आने पर उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, राहुल बाबा चार महीने पहले ‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’ निकाल रहे थे। चाहे वो कितनी भी यात्राएं निकाल लें, लेकिन हम एक-एक घुसपैठिए को देश से बाहर निकालकर रहेंगे।
अमित शाह ने कहा, क्या कोई बांग्लादेशी घुसपैठिया तय करेगा कि बिहार का मुख्यमंत्री कौन बनेगा? ये फैसला बिहार की जनता करेगी, और जनता ठगबंधन को कभी स्वीकार नहीं करेगी।
शाह ने जनता से की अपील — 'कमलछाप पर बटन दबाएं'
गृहमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार को जंगलराज से विकासराज की ओर बढ़ाया है। उन्होंने लोगों से अपील की — अगर आप फिर से शांति, सुरक्षा और विकास चाहते हैं, तो कमलछाप पर बटन दबाकर एनडीए को जिताएं। सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जोश को देखते हुए शाह ने कहा कि बिहार की जनता ने मन बना लिया है — इस बार फिर मोदी-नीतीश सरकार।


आँखें न्यूज़ 24 




