लालू परिवार में फिर छिड़ा सियासी संग्राम, तेज प्रताप ने खोला मोर्चा; तेजस्वी को दी चुनौती

तेज प्रताप यादव ने महुआ से निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान कर तेजस्वी यादव को बांसुरी बजाने की चुनौती दी है। जानिए कैसे लालू परिवार में फिर बढ़ा सियासी तनाव और तेज प्रताप ने मुकेश रोशन को 'बहरूपिया' कहा।

लालू परिवार में फिर छिड़ा सियासी संग्राम, तेज प्रताप ने खोला मोर्चा; तेजस्वी को दी चुनौती
Tej pratap, Lalu and Tejashwi (File Photo)

बिहार की सियासत में एक बार फिर पारिवारिक बवंडर उठ खड़ा हुआ है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव को खुली राजनीतिक चुनौती देते हुए महुआ विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव प्रचार की शुरुआत कर दी है।

तेज प्रताप ने एक चुनावी सभा के दौरान तेजस्वी को "अर्जुन" साबित करने के लिए बांसुरी बजाने की चुनौती दी। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “अगर तेजस्वी खुद को अर्जुन मानते हैं तो मुरली बजाकर दिखाएं, तभी उन्हें अर्जुन और मुझे कृष्ण माना जाएगा।” इस बयान से दोनों भाइयों के बीच गहराते मतभेद एक बार फिर सार्वजनिक हो गए हैं।

तेज प्रताप ने RJD विधायक मुकेश रोशन को बताया ‘बहरूपिया’
तेज प्रताप ने मौजूदा महुआ विधायक और RJD नेता मुकेश रोशन पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने उन्हें बहरूपिया करार देते हुए कहा, जब वह रोए, तो झुनझुना दे देना… ऐसा बहरूपिया जनता को गुमराह करता है। तेज प्रताप ने कहा कि जैसे ही वे महुआ आते हैं, मौजूदा विधायक रोने लगते हैं।

विकास एजेंडा लेकर उतरे मैदान में
इसके साथ ही उन्होंने विकास के मुद्दे पर जनता से समर्थन मांगा। परसौनिया सब्जी मंडी को लेकर उन्होंने वादा किया कि अगर वे विधायक बने, तो गरीब और महिलाओं के लिए एक नई बिल्डिंग बनवाएंगे, ताकि उन्हें सड़क किनारे सब्जी बेचने की मजबूरी न हो।

लालू परिवार में राजनीतिक दरार और गहरी
तेज प्रताप का यह नया सियासी अवतार RJD के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। इससे पहले तेज प्रताप को लालू यादव ने पार्टी से निकालने की घोषणा की थी, जिसके बाद वे लंबे समय तक सार्वजनिक रूप से सक्रिय नहीं रहे। लेकिन अब वे नए जोश और खुद को ‘असल उत्तराधिकारी’ के तौर पर पेश करने की कोशिश में हैं।