बीजेपी को जल्द मिल सकती है पहली महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष! कौन हैं रेस में आगे? जानिए नाम और समीकरण
BJP जल्द ही पहली महिला अध्यक्ष का ऐलान कर सकती है। रेस में निर्मला सीतारमण, डी पुरंदेश्वरी और वनाथी श्रीनिवासन के नाम। पढ़ें पूरी डिटेल।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) में कई महीनों से चल रही सस्पेंस और रणनीतिक बैठकों के बाद अब पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐलान होने जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे से लौटने के बाद इसकी औपचारिक घोषणा हो सकती है।
अब तक के संकेतों और अंदरखाने की चर्चाओं से एक बड़ा संकेत मिल रहा है कि इस बार पार्टी पहली बार किसी महिला नेता को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दे सकती है।
जेपी नड्डा के बाद अब बदलाव तय
पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल जनवरी 2023 में ही समाप्त हो चुका था, लेकिन लोकसभा चुनावों को देखते हुए उन्हें जून 2024 तक बढ़ा दिया गया। इसके बाद एक बार और कार्यकाल बढ़ाया गया। इसी बीच राज्यों में भी नेतृत्व में बदलाव होते रहे। अब जाकर नए अध्यक्ष की राह साफ हुई है।
कौन-कौन हैं रेस में?
निर्मला सीतारमण
रेस में सबसे मजबूत नाम केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का माना जा रहा है। हाल ही में उन्होंने बीजेपी मुख्यालय में जेपी नड्डा और संगठन महासचिव बीएल संतोष के साथ अहम बैठक की। रक्षा मंत्री और वित्त मंत्री जैसे बड़े मंत्रालय संभालने का अनुभव, संगठन पर मजबूत पकड़ और दक्षिण भारत से आने वाली नेता होने के कारण वे एक अहम विकल्प बनकर उभरी हैं।
अगर उन्हें अध्यक्ष बनाया जाता है तो यह बीजेपी के South India Expansion Dream Project में बड़ी मदद मानी जाएगी।
डी पुरंदेश्वरी
पूर्व आंध्र प्रदेश अध्यक्ष और अनुभवी नेता डी पुरंदेश्वरी भी इस दौड़ में शामिल हैं। कई भाषाओं की जानकार, संगठन और संसदीय राजनीति में लंबे अनुभव वाली पुरंदेश्वरी हाल ही में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद विदेशी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रह चुकी हैं। दक्षिण भारत में संगठन को मजबूती देने के लिए उनका नाम भी काफी चर्चा में है।
वनाथी श्रीनिवासन
तमिलनाडु की कोयंबटूर साउथ से विधायक वनाथी श्रीनिवासन भी रेस में एक संभावित चेहरा हैं। वे बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष रह चुकी हैं और केंद्रीय चुनाव समिति में पहली तमिल महिला सदस्य भी बनी थीं। उनके चयन से तमिलनाडु में पार्टी के लिए बड़ा संदेश जाएगा।
RSS और BJP में बनी सहमति?
सूत्रों का कहना है कि बीजेपी और आरएसएस के बीच इन नामों पर गहन विचार-विमर्श हो चुका है। सहमति लगभग बन चुकी है, अब केवल अंतिम घोषणा बाकी है। अगर ऐसा होता है तो बीजेपी के इतिहास में पहली बार होगा जब किसी महिला नेता को पार्टी की कमान सौंपी जाएगी।


आँखें न्यूज़ 24 




