क्या बुमराह ले सकते हैं टेस्ट क्रिकेट से संन्यास? मोहम्मद कैफ ने जताई आशंका, कहा- 'शरीर ने जवाब दे दिया है'
टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने जसप्रीत बुमराह के टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने की आशंका जताई है। कैफ का कहना है कि बुमराह अपने शरीर से हार चुके हैं और अब वो पूरी तरह फिट नहीं लग रहे।
भारतीय टीम के स्टार तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज़ मोहम्मद कैफ ने दावा किया है कि बुमराह आने वाले समय में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास (Retirement) ले सकते हैं।
कैफ का कहना है कि बुमराह की फिटनेस लगातार गिर रही है और वह अब अपनी पुरानी लय में गेंदबाजी नहीं कर पा रहे हैं। मैनचेस्टर टेस्ट की पहली पारी में बुमराह सिर्फ 1 विकेट ही ले सके, जबकि इससे पहले लॉर्ड्स टेस्ट में उन्होंने 7 विकेट झटके थे।
कैफ की टिप्पणी: 'बुमराह अपने शरीर से हार चुके हैं'
एक इंटरव्यू में कैफ ने कहा, बुमराह एक खुद्दार खिलाड़ी हैं। अगर उन्हें लगेगा कि वो अब भारत को मैच जिताने की स्थिति में नहीं हैं, तो वह खुद ही खेलना बंद कर देंगे। मेरा मानना है कि वह जल्द ही टेस्ट से रिटायरमेंट ले सकते हैं।
कैफ ने यह भी कहा कि बुमराह की रफ्तार मैनचेस्टर टेस्ट में बेहद कम नजर आई। विकेटकीपर द्वारा एक कैच पर आगे डाइव लगाना यह दिखाता है कि बुमराह की गेंदों में पुरानी धार नहीं रही।
फिटनेस बना सबसे बड़ी चिंता
बुमराह हाल ही में चोट से उबरकर वापसी कर रहे हैं। हालांकि 13 विकेट इस टेस्ट सीरीज़ में उन्होंने अब तक लिए हैं, लेकिन शरीर उनका साथ नहीं दे रहा है। कैफ का कहना है कि वो क्रिकेट को अभी भी उतनी ही शिद्दत से चाहते हैं, लेकिन उनका शरीर जवाब दे रहा है। बुमराह का पैशन आज भी बरकरार है, लेकिन फिटनेस अब उनके करियर की सबसे बड़ी चुनौती बन गई है।
बड़े खिलाड़ियों का युग समाप्ति की ओर?
कैफ ने यह भी कहा कि आने वाले समय में बुमराह, रोहित शर्मा, विराट कोहली और आर. अश्विन – ये सभी टेस्ट टीम से दूर हो सकते हैं। उन्होंने कहा, फैंस को अब धीरे-धीरे इन दिग्गजों के बिना टेस्ट क्रिकेट देखने की आदत डालनी होगी।
‘मेरी गट फीलिंग गलत साबित हो’
कैफ ने अंत में कहा कि वो प्रार्थना करते हैं कि उनकी आशंका गलत साबित हो और बुमराह फिर से टेस्ट क्रिकेट में शानदार वापसी करें। लेकिन मौजूदा हालात और बुमराह का शरीर उन्हें संकेत दे रहा है कि संन्यास का फैसला दूर नहीं।


आँखें न्यूज़ 24 




