बुलंदशहर में बीजेपी नेता की गला रेतकर हत्या, इलाके में सनसनी
बुलंदशहर में पूर्व ब्लॉक प्रमुख और BJP नेता विनोद चौधरी की उनके घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई। राजनीतिक रंजिश और पैसों के विवाद को वजह माना जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जल्द खुलासे का दावा किया।
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। खुर्जा कोतवाली नगर क्षेत्र के हमीदपुर कला गांव में पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनोद चौधरी की उनके ही घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई। सुबह जब उनका शव बेड पर पड़ा मिला तो इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया, वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है।
परिजनों ने जताई रंजिश और राजनीति की आशंका
मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि रविवार को विनोद चौधरी कुछ लोगों के साथ बाहर गए थे। घर में एक नौकर भी काम करता था लेकिन वह सुबह से ही लापता है। वहीं पैसों के लेन-देन को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा था और धमकी भी मिली थी। परिजनों का आरोप है कि या तो पुरानी रंजिश या राजनीतिक दुश्मनी के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
BJP से जुड़े थे विनोद चौधरी
विनोद चौधरी साल 2000 से 2005 तक जेवर से ब्लॉक प्रमुख रहे। इसके बाद वे जिला पंचायत सदस्य और फिर खुर्जा से भी ब्लॉक प्रमुख चुने गए। वे लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी (BJP) से जुड़े थे और क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। उनकी राजनीतिक पकड़ और पुराने विवाद अब इस हत्या के पीछे की बड़ी वजह मानी जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई: जल्द होगा खुलासा
मामले पर एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके से कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही हत्या का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।


आँखें न्यूज़ 24 




