तेजस्वी यादव का नीतीश सरकार और पीएम मोदी पर तीखा हमला, मंत्री जीवेश मिश्रा पर लगाए गंभीर आरोप

बिहार की राजनीति में घमासान मचा हुआ है। तेजस्वी यादव ने मंत्री जीवेश मिश्रा पर फर्जी ड्रग केस और पत्रकार से मारपीट का आरोप लगाया। साथ ही पीएम मोदी की पूर्णिया रैली को जुमलेबाजी बताते हुए पुराने वादों की याद दिलाई।

तेजस्वी यादव का नीतीश सरकार और पीएम मोदी पर तीखा हमला, मंत्री जीवेश मिश्रा पर लगाए गंभीर आरोप
Tejashwi Yadav

बिहार की सियासत इन दिनों गरमाई हुई है। इसी बीच आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने राज्य के नगर विकास एवं आवास मंत्री जीवेश मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे एक फर्जी ड्रग केस में दोषी पाए गए हैं।

तेजस्वी ने आगे बताया कि जब मंत्री अपने निर्वाचन क्षेत्र के दौरे पर थे, तो एक पत्रकार ने सड़क की बदहाली पर सवाल किया। पत्रकार का ताल्लुक पिछड़े वर्ग से था। सवाल पूछते ही मंत्री ने कथित रूप से मारपीट और गाली-गलौज की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस घटना का वीडियो भी दिखाया गया।

क्या पत्रकार को न्याय मिलेगा?
वीडियो दिखाने के बाद तेजस्वी यादव ने कहा, बिहार पूरी तरह अराजकता की चपेट में है। क्या मुख्यमंत्री को पता है कि उनके मंत्री फर्जी ड्रग केस में दोषी हैं? और अब पत्रकार से मारपीट कर रहे हैं। प्रधानमंत्री आज बिहार आ रहे हैं, क्या वे इस पीड़ित पत्रकार को न्याय दिलाएंगे और मंत्री को बर्खास्त करेंगे?

तेजस्वी ने मांग की कि केवल FIR दर्ज कर देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि आरोपी मंत्री के खिलाफ कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए। उन्होंने नीतीश सरकार को अपराधियों का संरक्षण देने वाला करार दिया।

पीएम मोदी की बिहार यात्रा पर भी साधा निशाना
तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पूर्णिया यात्रा को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा, प्रधानमंत्री जी, आप जुमलों की बारिश करने से पहले अपने सभा स्थल से 2-3 किलोमीटर दूर की सच्चाई देखें। वहां टूटी हुई सड़कें, बदहाल स्वास्थ्य केंद्र, जीर्ण-शीर्ण स्कूल और बेरोजगारी से जूझते युवा हैं।

तेजस्वी ने पीएम पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी रैलियों से बिहार जैसे गरीब राज्य पर 100 करोड़ रुपए का भारी बोझ पड़ता है। इतने पैसों से बच्चों के स्कूलों की चारदीवारी, खेल के मैदान और लड़कियों के लिए शौचालय बनाए जा सकते थे।

विशेष राज्य का दर्जा कहां गया?
तेजस्वी ने पीएम मोदी को पुराने वादे भी याद दिलाए। उन्होंने कहा, “11 साल पहले आपने इसी पूर्णिया की धरती से बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने का वादा किया था। क्या हुआ उस वादे का? क्या अब फिर से बिहारवासियों को झूठे जुमले बेचने आ रहे हैं?”

उन्होंने कहा कि पीएम और NDA सरकार 20 सालों की विफलताओं को छिपाने के लिए जंगलराज का शोर मचाते हैं, लेकिन अब बिहार की जनता सच जान चुकी है और अब झूठ नहीं चलेगा।