टी20 विश्व कप 2026: भारत ने नामीबिया को 93 रन से रौंदा, वरुण का जलवा

ICC Mens T20 World Cup 2026 के मैच 18 में भारत ने नामीबिया को 93 रन से हराया. वरुण चक्रवर्ती की घातक गेंदबाजी और ईशान किशन की तेज फिफ्टी ने दिलाई शानदार जीत.

टी20 विश्व कप 2026: भारत ने नामीबिया को 93 रन से रौंदा, वरुण का जलवा
Varun Chakravarthy

आईसीसी मेन्स टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम ने एक बार फिर अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए नामीबिया को 93 रन के बड़े अंतर से हराया. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-ए के इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रन बनाए और जवाब में नामीबिया की पूरी टीम 16.2 ओवर में 116 रन पर सिमट गई.

वरुण की फिरकी में फंसी नामीबिया
भारत द्वारा दिए गए 210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की शुरुआत लड़खड़ाती रही. चौथे ओवर में ही जान फ्राइलिंक 22 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद लॉरेन स्टीनकैंप और जान निकोल लॉफ्टी-ईटन ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने मैच का रुख बदल दिया. उन्होंने स्टीनकैंप को 29 रन पर आउट कर साझेदारी तोड़ी और उसी ओवर में लॉफ्टी-ईटन तथा जेजे स्मिट को भी चलता कर दिया.

गेंदबाजों ने कस दी शिकंजा
मध्यक्रम में कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने 18 रन बनाकर संघर्ष की कोशिश की, लेकिन अक्षर पटेल ने उन्हें भी पवेलियन भेज दिया. अक्षर ने मलान क्रूगर का विकेट लेकर नामीबिया की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. जसप्रीत बुमराह ने रूबने ट्रम्पेलमैन को बोल्ड कर जीत की मुहर लगा दी. हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल को दो-दो विकेट मिले, जबकि वरुण ने सिर्फ दो ओवर में 7 रन देकर तीन अहम विकेट झटके.

ईशान की तूफानी फिफ्टी
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत उतनी मजबूत नहीं रही. संजू सैमसन ने आठ गेंदों पर 22 रन की तेज पारी खेली, लेकिन जल्दी आउट हो गए. इसके बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़े. ईशान ने सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक जड़कर दर्शकों का दिल जीत लिया. उनकी पारी में चौकों-छक्कों की भरमार रही और उन्होंने मैच को भारत के पक्ष में मोड़ दिया.

भारत की लगातार दूसरी जीत
डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरी भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज कर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है. इससे पहले उसने यूएसए को 29 रन से हराया था. दूसरी ओर नामीबिया को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा, जिससे उसके लिए आगे की राह मुश्किल हो गई है.