पहलगाम हमले की बरसी पर राजनाथ सिंह ने दी पाकिस्तान को चेतावनी, कहा—छेड़खानी करने वालों को नहीं बख्शेंगे
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जर्मनी दौरे के दौरान पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए भारत की सैन्य ताकत और बदलती वैश्विक साख का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत शांति चाहता है, लेकिन किसी भी उकसावे का करारा जवाब देने में सक्षम है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जर्मनी दौरे के दौरान पाकिस्तान को लेकर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत के लगभग सभी पड़ोसी देशों के साथ रिश्ते अच्छे हैं, लेकिन एक देश लगातार समस्या पैदा करता है।
पहलगाम हमले की बरसी के मौके पर उन्होंने कहा कि देश की सेना ने “ऑपरेशन सिंदूर” के जरिए अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है। उन्होंने यह भी साफ किया कि भारत ने कभी किसी पर पहले हमला नहीं किया, लेकिन अगर कोई देश उकसावे की कोशिश करता है तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
बर्लिन में भारतीय समुदाय को संबोधन
जर्मनी की राजधानी बर्लिन में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि विदेशों में रहने वाले भारतीय दोनों देशों के बीच मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि आपकी प्रतिष्ठा बढ़ेगी तो भारत की छवि भी और मजबूत होगी।
राजनाथ सिंह ने अपने विदेश दौरों का जिक्र करते हुए बताया कि वह कई बार अमेरिका जा चुके हैं, लेकिन जर्मनी की यह उनकी पहली यात्रा है। उन्होंने भारत और जर्मनी के रिश्तों को लोकतांत्रिक मूल्यों से आगे बढ़कर साझेदारी का उदाहरण बताया।
बदली हुई भारत की छवि
रक्षा मंत्री ने कहा कि आज का भारत पहले से काफी बदल चुका है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी साख लगातार बढ़ रही है। उन्होंने लोकतंत्र के प्रति देश की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि आने वाले समय में भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप केंद्र बनने की ओर बढ़ रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में सरकार की पहल का भी उल्लेख किया।


आँखें न्यूज़ 24 




