IND vs PAK T20 World Cup: भारत से करारी हार के बाद बाबर आज़म पर गिरी गाज, पाकिस्तान में मचा घमासान
भारत से 61 रन की हार के बाद बाबर आज़म समेत पाकिस्तान के सीनियर खिलाड़ियों पर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व दिग्गजों के तीखे बयानों से पाकिस्तान क्रिकेट में मचा घमासान।
टी20 विश्व कप के हाई-वोल्टेज मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी भारत से 61 रन की करारी हार के बाद पाकिस्तान की टीम और उसके सीनियर खिलाड़ी जबरदस्त आलोचना के घेरे में आ गए हैं। खासतौर पर पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज बाबर आज़म को लेकर सवाल उठने लगे हैं। देश के कई पूर्व क्रिकेटरों ने खुले तौर पर यह कहना शुरू कर दिया है कि अब टी20 फॉर्मेट में सीनियर खिलाड़ियों को हटाकर युवाओं को मौका दिया जाना चाहिए।
युवा भारत के सामने फीकी पड़ी पाकिस्तान की धार
कोलंबो में खेले गए इस एकतरफा मुकाबले में पाकिस्तान के अनुभवी खिलाड़ियों से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन शादाब खान और शाहीन शाह अफरीदी भी टीम को संभालने में नाकाम रहे। दूसरी ओर भारत की ओर से युवा सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 77 रन ठोक दिए और पाकिस्तानी गेंदबाजी की कमजोरी को उजागर कर दिया।
शाहिद अफरीदी का कड़ा रुख, सीनियर्स पर सवाल
पाकिस्तान की बल्लेबाजी भारत के तेज गेंदबाजों और स्पिन आक्रमण के सामने पूरी तरह बिखरी नजर आई। बाबर आज़म का जल्दी आउट होना टीम के लिए बड़ा झटका साबित हुआ, वहीं शाहीन अफरीदी भी गेंद से कोई खास असर नहीं डाल सके। मैच के बाद पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने बेहद सख्त बयान देते हुए कहा कि अगर फैसला उनके हाथ में होता तो वह बाबर, शादाब और शाहीन को दोबारा टी20 टीम में नहीं चुनते।
बड़े मैचों में दबाव बना पाकिस्तान की कमजोरी
इस हार पर पाकिस्तान के एक और दिग्गज बल्लेबाज जावेद मियांदाद ने भी निराशा जताई। उन्होंने साफ शब्दों में माना कि बड़े मैचों में पाकिस्तान की टीम दबाव झेलने में असफल रही है। मियांदाद के अनुसार, बड़े मंच पर खिलाड़ियों का जज्बा ही उनकी असली परीक्षा होता है, जिसमें मौजूदा टीम खड़ी नहीं उतर सकी।
पूर्व दिग्गजों का तीखा हमला, बाबर का भविष्य सवालों में
बाबर आज़म के लंबे समय से समर्थक रहे पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने भी इस बार कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि बाबर, शाहीन और शादाब का टी20 करियर अब ढलान पर है और पाकिस्तान को खोखली जीतों के बजाय मजबूत टीमों के खिलाफ लड़ने वाले नए खिलाड़ियों की जरूरत है। वहीं, पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने एक टीवी शो में बाबर के सुपरस्टार दर्जे पर तंज कसते हुए उनकी निरंतरता पर सवाल खड़े किए।
सोशल मीडिया पर गुस्सा, भारत की बढ़त स्वीकार
इस हार के बाद पाकिस्तान का क्रिकेट समुदाय गहरी निराशा में डूबा हुआ है। सोशल मीडिया पर फैंस टीम का मजाक उड़ाते नजर आए और कुछ लोगों ने तो यहां तक कह दिया कि मैच के बहिष्कार की बातें सच हो जातीं तो शायद इतनी शर्मनाक हार नहीं झेलनी पड़ती। पूर्व कप्तान मोइन खान ने भी स्वीकार किया कि मौजूदा समय में भारत हर फॉर्मेट में पाकिस्तान से कहीं आगे नजर आ रहा है।


आँखें न्यूज़ 24 




