नेपाल में बेकाबू हुआ आंदोलन: पीएम ओली का इस्तीफा, संसद पर कब्ज़ा और नेताओं के घरों में आगजनी

नेपाल में राजनीतिक संकट गहराता जा रहा है। प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दिया, संसद पर कब्ज़ा हुआ और नेताओं के घरों में आगजनी हुई। छात्र संगठनों के नेतृत्व में जारी इस आंदोलन ने पूरे नेपाल को हिला दिया है। काठमांडू एयरपोर्ट बंद, संसद भवन में हथियार छीने जाने और वित्त मंत्री की पिटाई जैसे घटनाक्रमों ने हालात को और बिगाड़ दिया। जानिए नेपाल के मौजूदा राजनीतिक संकट की पूरी कहानी।

नेपाल में बेकाबू हुआ आंदोलन: पीएम ओली का इस्तीफा, संसद पर कब्ज़ा और नेताओं के घरों में आगजनी
नेपाल में उग्र प्रदर्शन करते छात्र और आगजनी का दृश्य

नेपाल इन दिनों भीषण राजनीतिक और सामाजिक उथल-पुथल से गुजर रहा है। प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया है, जबकि इससे पहले डिप्टी पीएम और 10 मंत्रियों ने भी पद छोड़ दिए थे। प्रदर्शनकारियों की पांच प्रमुख मांगों को लेकर देशभर में बवाल मचा है और हालात नियंत्रण से बाहर होते जा रहे हैं।

संसद भवन पर कब्ज़ा और वित्त मंत्री की पिटाई
नेपाल की संसद में उग्र भीड़ घुस आई। प्रदर्शनकारियों ने सेना के हथियार छीन लिए और खुलेआम लहराए। इसी बीच उन्होंने वित्त मंत्री विष्णु पौडेल को सड़क पर घेरकर बुरी तरह पीटा। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नेताओं के आवास और सरकारी दफ्तरों में आगजनी
काठमांडू और जनकपुर में प्रदर्शनकारियों ने सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यालय, मुख्यमंत्री कार्यालय और कई इमारतों को आग के हवाले कर दिया। नेपाली मीडिया का दावा है कि आंदोलनकारियों ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के निजी आवासों को भी जला दिया।

एयरपोर्ट बंद, उड़ानों पर रोक
स्थिति बिगड़ने के बाद काठमांडू एयरपोर्ट को हाई-अलर्ट पर डाल दिया गया है। सरकार ने अगले आदेश तक सभी उड़ानों को रद्द कर दिया है।

सोशल मीडिया प्रतिबंध हटते ही हिंसा तेज
नेपाल सरकार ने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया बैन हटाया था। इसके तुरंत बाद छात्र संगठनों के नेतृत्व में आंदोलन और भी आक्रामक हो गया। राजधानी और अन्य शहरों में सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पों में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई घायल हैं।

पूर्व प्रधानमंत्रियों के घरों पर हमला
ललितपुर के खुमालतार में प्रदर्शनकारियों ने पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ के आवास में तोड़फोड़ की। वहीं, पूर्व पीएम शेर बहादुर देउबा के काठमांडू स्थित घर के बाहर भी हिंसक प्रदर्शन हुए।

पूरे देश में छात्र आंदोलन की अगुवाई
नेपाल में जारी यह आंदोलन मुख्य रूप से GEN-Z यानी युवा और छात्र संगठनों के नेतृत्व में चल रहा है। वे सरकार की नीतियों, आर्थिक संकट और रोजगार के मुद्दे पर लगातार दबाव बना रहे हैं। इस्तीफों और कर्फ्यू के बावजूद प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है।