राहुल गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला: ‘ट्रंप के फोन पर हुआ सरेंडर!’, शशि थरूर ने दिया करारा जवाब

ऑपरेशन सिंदूर को लेकर राहुल गांधी की 'सरेंडर' टिप्पणी पर शशि थरूर ने वाशिंगटन डीसी में जवाब दिया। वहीं, भाजपा ने इसे भारतीय सेना का अपमान बताया। जानें, ऑपरेशन सिंदूर विवाद पर कांग्रेस और भाजपा के बीच तीखी बयानबाजी।

राहुल गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला: ‘ट्रंप के फोन पर हुआ सरेंडर!’, शशि थरूर ने दिया करारा जवाब
Shashi Tharoor

ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। वाशिंगटन डीसी में कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा, "हमने कभी किसी से भारत और पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता करने की मांग नहीं की।" थरूर ने यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कथित मध्यस्थता के सवाल पर दिया।

थरूर, जो ऑपरेशन सिंदूर पर भारत के आउटरिच मिशन की अगुवाई कर रहे हैं, ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यदि पाकिस्तान आतंकी ढांचे को खत्म करने के लिए गंभीर कदम उठाता है, तो भारत बातचीत के लिए तैयार है। इसके लिए किसी मध्यस्थ की जरूरत नहीं है।

इस बीच, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा-आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा, ट्रंप का एक फोन आया और नरेंद्र मोदी जी ने तुरंत सरेंडर कर दिया। उन्होंने कहा कि 1971 के युद्ध के दौरान तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी अमेरिका की धमकी के बावजूद झुकी नहीं थीं।

भाजपा ने राहुल गांधी की टिप्पणी को भारतीय सेना का अपमान बताया। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी का बयान 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता को कमतर आंकने का प्रयास है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि वह 'भारत मां के मृगेंद्र' (शेर) हैं।