वाराणसी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 3 एडीसीपी के दायित्व बदले

वाराणसी कमिश्नरेट में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने तीन अपर पुलिस उपायुक्तों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। काशी जोन, गोमती जोन और महिला अपराध शाखा में नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं। पढ़ें पूरा प्रशासनिक फेरबदल।

वाराणसी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 3 एडीसीपी के दायित्व बदले
Varanasi Police Commissioner Mohit Agarwal

पुलिस आयुक्तालय वाराणसी में कानून और शांति व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने तीन अपर पुलिस उपायुक्तों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

काशी जोन में नई कमान
इस बदलाव के तहत वैभव बांगर, जो अब तक गोमती जोन और लाइन्स की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, उन्हें काशी जोन, लाइन्स, अभिसूचना और नोडल जल पुलिस का दायित्व सौंपा गया है। यह बदलाव रणनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है, क्योंकि काशी जोन शहर का संवेदनशील इलाका माना जाता है।

महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस
इसी क्रम में नम्रिता श्रीवास्तव को महिला अपराध से जुड़े कार्यों के साथ अब सुरक्षा की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। महिला सुरक्षा के मामलों में समन्वय और निगरानी को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह विस्तार किया गया है।

गोमती जोन में अपराध नियंत्रण की नई रणनीति
वहीं नृपेन्द्र, जो अब तक अपराध, स्टाफ ऑफिसर और सुरक्षा की जिम्मेदारी देख रहे थे, उन्हें गोमती जोन के साथ अपराध शाखा की कमान सौंपी गई है। इससे गोमती क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को और धार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

कमिश्नरेट व्यवस्था में सतत सुधार
प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को कानून व्यवस्था की दृष्टि से एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है। कमिश्नरेट प्रणाली के तहत समय-समय पर जिम्मेदारियों में बदलाव कर पुलिस व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त बनाने की कवायद जारी है।