बिहार में करप्शन पर करारी चोट: पटना में इंजीनियर के घर से करोड़ों की संपत्ति, पत्नी ने जलाए लाखों रुपए
पटना में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने सुपरिन्टेंडिंग इंजीनियर विनोद कुमार राय के घर छापेमारी कर 35 लाख नकद, करोड़ों की संपत्ति और 20 लाख के अधजले नोट बरामद किए। पढ़ें पूरी खबर।
बिहार में आर्थिक अपराध इकाई (Economic Offences Unit – EOU) ने एक बार फिर भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ईओयू ने पटना के भूतनाथ रोड स्थित ग्रामीण कार्य विभाग के सीतामढ़ी डिवीजन में तैनात सुपरिन्टेंडिंग इंजीनियर विनोद कुमार राय के घर छापेमारी की। इस छापेमारी में करीब 35 लाख रुपए नगद, करोड़ों की जमीन और निवेश से जुड़े कागजात, सोने-चांदी के जेवरात और लगभग 20 लाख रुपए के अधजले नोट बरामद किए गए।
रातभर चली ड्रामा जैसी कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार देर रात सूचना के आधार पर ईओयू की टीम इंजीनियर विनोद राय के पटना स्थित घर पहुंची। टीम ने जब घर में घुसने की कोशिश की तो उनकी पत्नी ने दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया और शोर मचाने लगी। पूरी रात ईओयू की टीम गेट के बाहर इंतजार करती रही।
सुबह खुला राज: नाले में बहाए जा रहे थे नोट
शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे घर के अंदर से कागज और नोट जलने की तेज गंध आने लगी। ईओयू ने जबरन दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा चौंकाने वाला था। घर के अंदर नोट जलाकर नाले में बहाए जा रहे थे। मौके से लगभग 20 लाख रुपए मूल्य के अधजले नोट नाले से बरामद किए गए। इसके लिए नगर निगम की टीम को बुलाया गया, जो नाले से अधजले नोटों के अवशेष निकाल रही है।
करोड़ों की संपत्ति का खुलासा
ईओयू की छापेमारी में अब तक 35 लाख रुपए नकद, करोड़ों की जमीन और निवेश से जुड़े दस्तावेज, सोने-चांदी के जेवरात, नाले से मिले अधजले 20 लाख रुपए बरामद किए गए हैं। एजेंसी को संदेह है कि आगे की जांच में और भी अवैध संपत्ति का खुलासा हो सकता है।
इंजीनियर और पत्नी पर गिरी गाज
आर्थिक अपराध इकाई ने विनोद कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उनकी पत्नी पर भी अवैध संपत्ति नष्ट करने और जांच में बाधा डालने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
विनोद कुमार राय वर्तमान में सीतामढ़ी डिवीजन के सुपरिन्टेंडिंग इंजीनियर हैं और मधुबनी डिवीजन का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग कर करोड़ों की अवैध संपत्ति बनाई है।
इलाके में चर्चा का विषय
पटना में हुई इस छापेमारी के बाद पूरे राज्य में हड़कंप मच गया है। लोग इसे अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मान रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया पर भी इस घटना की तस्वीरें और वीडियोज वायरल हो रहे हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




