राज्यसभा में एनडीए का कमाल, सम्राट चौधरी बोले—मोदी-नीतीश के नेतृत्व पर भरोसा
बिहार राज्यसभा चुनाव में एनडीए की सभी पांच सीटों पर जीत के बाद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व को इसका श्रेय दिया और सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी।
बिहार में हुए राज्यसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सभी पांच उम्मीदवारों की जीत के बाद राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही सुशासन और विकास की नीति पर जनता के प्रतिनिधियों के भरोसे को दर्शाती है। उपमुख्यमंत्री ने एनडीए के सभी विधायकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी ने एकजुट होकर गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में मतदान किया।
विधायकों की एकजुटता को बताया विकास के प्रति प्रतिबद्धता
सम्राट चौधरी ने कहा कि विधायकों ने अपनी पार्टी, एनडीए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए वोट दिया है। उन्होंने कहा कि यह समर्थन इस बात का प्रमाण है कि गठबंधन के जनप्रतिनिधि बिहार के विकास और स्थिर शासन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
नितिन नवीन के अनुभव को बताया राज्यसभा के लिए अहम
उपमुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को भी जीत की बधाई देते हुए उनके राजनीतिक अनुभव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन पांच बार विधायक रह चुके हैं और बिहार सरकार में वरिष्ठ मंत्री के रूप में भी काम कर चुके हैं। राज्य के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है और वे हमेशा जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते रहे हैं।
नीतीश कुमार के नेतृत्व में बदली बिहार की तस्वीर
सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार ने विकास की दिशा में बड़ी छलांग लगाई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले जिस बिहार को जंगलराज कहा जाता था, उसे नीतीश कुमार ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया और देश के तेजी से आगे बढ़ने वाले राज्यों में शामिल किया।
रामनाथ ठाकुर और उपेंद्र कुशवाहा को भी दी बधाई
उपमुख्यमंत्री ने सामाजिक न्याय के प्रतीक रहे स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर के पुत्र रामनाथ ठाकुर को फिर से राज्यसभा सदस्य चुने जाने पर बधाई दी। इसके साथ ही राष्ट्रीय लोकमोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को भी पुनः राज्यसभा भेजे जाने पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनके लंबे राजनीतिक अनुभव से उच्च सदन को लाभ मिलेगा।
शिवेश राम का चयन बताया सबका साथ सबका विकास की मिसाल
सम्राट चौधरी ने शिवेश राम के राज्यसभा सदस्य बनने पर भी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत के साथ राजनीति करती है और शिवेश राम का राज्यसभा के लिए चुना जाना इसी विचारधारा का उदाहरण है।


आँखें न्यूज़ 24 




